गोरखपुर समेत 13 जिलों में बारिश का अलर्ट, 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Environment

(www.arya-tv.com)आज से उत्तर प्रदेश का मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने मंगलवार को गोरखपुर, बलिया, देवरिया, मऊ समेत प्रदेश के 13 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं, बीते 24 घंटे में 7.6 मिमी ​​​​​​औसत बारिश का अनुमान लगाया था, लेकिन 1.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। कम बारिश होने से उमस बढ़ गई है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक ​​​​​​जेपी गुप्ता ने बताया कि 37 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ बस्ती सबसे गर्म जिला रहा। वहीं गाजीपुर जिले में सबसे न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया।

इन 13 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार बलिया, देवरिया, मऊ, आजमगढ़, गाजीपुर, गोरखपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, मेरठ, बागपत, मथुरा में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के बीच 50 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

देश समेत यूपी का मौसम सिस्टम क्या है?

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि, अभी बंगाल की उत्तर पश्चिमी खाड़ी और उससे सटे ओडिशा तट पर डीप डिप्रेशन बन गया है। आज 5:30 बजे यह 20.5 डिग्री उत्तर अक्षांश और 86.9 पूर्व देशांतर के करीब था। अगले 48 घंटों के दौरान डीप डिप्रेशन के पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में ओडिशा और छत्तीसगढ़ से मध्य प्रदेश की ओर बढ़ने की उम्मीद है। आज डीप डिप्रेशन कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल सकता है। इसका असर उत्तर प्रदेश में भी दिखेगा।

कम दबाव का क्षेत्र अब दक्षिण गुजरात क्षेत्र के ऊपर है और संबंधित चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। यह ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुक रहा है।मॉनसून की ट्रफ रेखा दक्षिण गुजरात, खंडवा, बालाघाट, संबलपुर और ओडिशा तट पर गहरे दबाव के केंद्र के बीच से गुजर रही है।

एक ट्रफ रेखा गुजरात के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र से जुड़े चक्रवाती परिसंचरण से लेकर गुजरात, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ तक बनी हुई है। जो इन राज्यों से गुजरते हुए ओडिशा तट पर गहरे दबाव से जुड़े चक्रवाती परिसंचरण तक फैली हुई है। गुजरात, मध्य प्रदेश के बाद ट्रफ का असर 15 सितंबर की सुबह से 17 सितंबर यूपी में बना रहेगा।