(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश में मिशन-2022 के लिए भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने दो युवा कैबिनेट मंत्री, तीन केंद्रीय राज्यमंत्री समेत आठ सदस्यीय टीम मैदान में उतार दी है। सूत्रों का दावा है कि ये टीम संघ और भाजपा के बीच चले मंथन के बाद फाइनल की गई। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान टीम के अगुवा हैं। वे अब तक यूपी के पड़ोसी राज्य बिहार-उत्तराखंड के अलावा कर्नाटक, झारखंड और उड़ीसा जैसे बडे़ राज्यों के चुनाव मैनेजमेंट की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उड़ीसा और झारखंड को छोड़कर बाकी तीन राज्यों में भाजपा सत्ता में है।
वहीं, चुनावी टीम में दूसरे नंबर पर नाम केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का है। वे हरियाणा के बाद बीते दिनों जम्मू और कश्मीर में हुए निकाय चुनाव में अपनी कुशलता को साबित कर चुके हैं। भाजपा ने चुनावी टीम के जरिए यूपी में जातीय और सियासी समीकरण साधने की पूरी कोशिश की है।
खासियत और उपयोगिता: धर्मेंद्र प्रधान 1983 में छात्र राजनीति के बाद अखिल भारतीय विधार्थी परिषद से जुडे़। उड़ीसा राज्य से आने वाले धर्मेंद्र प्रधान को हिंदी बाहुल्य क्षेत्र में लंबे समय तक संगठन का कार्य करने का अनुभव है। प्रधान 2004 से 2006 तक भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे।
पार्टी महासचिव होने के अलावा उन्होंने बिहार में चुनाव प्रभारी और कर्नाटक, उत्तराखंड, झारखंड और ओडिशा में पार्टी मामलों के प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं। अमित शाह के करीबी और ओबीसी वर्ग से आने वाले धर्मेंद्र प्रधान ने 2014 के लोकसभा चुनावों में बिहार में भाजपा को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
यूपी कनेक्शन: पड़ोसी राज्य बिहार और उत्तराखंड के चुनाव मैनेजमेंट से मिले अनुभव का प्रभाव यूपी में डाल सकते हैं।
लॉजिक क्या: यूपी में सबसे ज्यादा ओबीसी वोट बैंक हैं। करीब 42 प्रतिशत के करीब ओबीसी वाले राज्य में अहम जम्मेदारी देकर वोटर्स पर प्रभाव डाल सकते हैं।
खासियत और उपयोगिता: 14वीं लोकसभा से अब तक चार सांसद चुने गए। अनुराग सियासी और क्रिकेट के मैदान दोनों जगहों पर खासे एक्टिव रहे हैं। हिमाचल के हमीरपुर सीट से सांसद अनुराग ठाकुर मोदी सरकार के युवा मंत्रियों में से एक हैं। वह वित्त राज्य मंत्री और BCCI के अध्यक्ष रह चुके हैं।
कैबिनेट विस्तार में अनुराग ठाकुर को प्रमोशन देकर कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। अनुराग ठाकुर को सूचना एवं प्रसारण मंत्री बनाया गया है, इसके साथ ही उन्हें युवा मामले और खेल मंत्रालय का अतरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
यूपी कनेक्शन: अनुराग ठाकुर बीते 12 साल से लगातार सक्रिय हैं। यूपी की राजनीति को वह अच्छे से समझते हैं। युवा मोर्चा के कार्यकाल के समय उनके संपर्क में भाजपा के नेता रहे, जो आज भी उनके साथ कार्य कर रहे हैं और अनुराग ठाकुर क्षत्रिय वर्ग से आते हैं।
लॉजिक क्या: हरियाणा में भाजपा की सरकार बनवाने के पीछे अनुराग ठाकुर का नाम लिया जाता है। युवाओं में अनुराग ठाकुर खास पकड़ रखते हैं। जम्मू और कश्मीर के निकाय चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी निभाई थी।