(www.arya-tv.com)भारतीय जनता पार्टी के एक दिवसीय प्रदेश कार्य समिति बैठक का आज लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आगाज हो गया है। इसका शुभारंभ लखनऊ के सांसद तथा केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया। इस मौके पर राजनाथ सिंह ने कृषि कानूनों को लेकर चल रहे आंदोलन पर बड़ा बयान दिया। सिंह ने कहा कि MSP बंद करने का कोई सवाल ही नहीं है। हम सभी किसान परिवार से हैं। मैं अपील करना चाहूंगा कि वे (किसान) बैठें। जितनी बार कहेंगे उतनी बार वार्ता होगी। हम संशोधन करने को भी तैयार हैं। कहीं कोई कठिनाई आ रही है तो उसके लिए भी तैयार हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि गरीब परिवार में पैदा हुआ व्यक्ति उत्तर प्रदेश जैसे राज्य का अध्यक्ष है। यह भाजपा में ही हो सकता है। राजनीतिक जीवन में व्यक्ति का कद पद के कारण बड़ा नहीं होता है बल्कि उसकी कृत्यों के कारण बड़ा होता है। आप भाजपा कार्यकर्ता हैं तो देर हो सकती है, लेकिन अंधेर नहीं होगी। सारी राजनीतिक पार्टियों का विभाजन हुआ है, लेकिन भाजपा का एक बार भी विभाजन नहीं हुआ है। दुनिया में जितना वैक्सीन तैयार हुई है, उसका 60% भारत ने तैयार किया है। अमेरिका के राष्ट्रपति ने अपने भाषण में कहा कि भारत अब शक्तिशाली बन रहा है।
राजनाथ सिंह के भाषण की प्रमुख बातें-
- लोग कहते हैं कि मैं इतने समय से पार्टी से जुड़ा हूं। मेरे साथ न्याय नहीं हो रहा, ऐसा कैसे हो सकता है कि BJP कार्यकर्ता ये कहे, ये पार्टी एक संगठन है यहां देर हो सकती है लेकिन अन्याय नहीं हो सकता, यहां पद भले ही न हासिल हो लेकिन प्रतिष्ठा जरूर हासिल होगी। एक समय हम सब नारा लगाते थे चप्पा-चप्पा भाजपा और आज यह नारा चरितार्थ हो गया।
- भारतीय जनता पार्टी की विशिष्ट राजनीतिक विचारधारा है। हमारा एक राजनीतिक दर्शन है। हर राजनीतिक विचारधारा वाले दल का विभाजन कभी न कभी हुआ है, मगर भाजपा का आज तक कभी विभाजन नहीं हुआ है। कोविड महामारी के दौरान गरीबों को मुफ़्त अनाज वितरित किया गया ताकि कोई गरीब भूखा न सोए। अभी QUAD की बैठक में अमरीकी राष्ट्रपति ने भी कोरोना के दौरान प्रधानमंत्री के द्वारा कोरोना के दौरान किए गए उपायों की प्रशंसा की है। हमारे देश के वैज्ञानिकों ने वैक्सीन बनाकर जो काम किया है, उस पर हम सभी को गर्व है और उनका सम्मान होना चाहिए।
- राजनीति में सबसे बड़ा संकट है विश्वास का संकट। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे चुनौती के रूप में स्वीकार किया है। हमने घोषणा पत्र में धारा 370 को समाप्त करने की बात कही थी। आज धारा 370 को समाप्त कर दिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में बहुत बड़ा काम हुआ और 40 लाख से अधिक आवास इस प्रदेश में बनाए गए हैं।
- कौन सोचता था कि कोई प्रधानमंत्री स्वच्छता को राष्ट्रीय आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाएगा। मगर हालात बदल गए। 2.61 करोड़ शौचालय तो इसी उत्तर प्रदेश में बनाए गए हैं। सौभाग्य योजना के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश में 1.38 करोड़ घरों में नि:शुल्क बिजली कनेक्शन दिए गए। इस मामले में उत्तर प्रदेश नंबर वन है। हर गरीब परिवार को 5 लाख रुपए वार्षिक के इलाज की सुविधा देकर हमारी सरकार ने गरीबों की बड़ी राहत दी है। आयुष्मान भारत के अंतर्गत 1.18 करोड़ परिवारों को अकेले उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य रक्षा कवच दिया गया है।
राजनाथ कार्यसमिति में शिरकत करने के लिए शनिवार रात लखनऊ पहुंच गए थे। समापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस दौरान कृषि कानूनों को लेकर किसानों की नाराजगी, पंचायत चुनाव और मिशन 2022 आदि मुद्दों पर चर्चा होगी।
बता दें कि बतौर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अगुवाई में कार्यसमिति की पहली बैठक है। इससे पहले मई 2017 में बैठक हुई थी। इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए प्रदेश के सभी क्षेत्रों से करीब 600 नेता पहुंचे हैं।