कानपुर(www.arya-tv.com) कोरोना से झटके के बाद विश्व नए परिवेश में प्रवेश कर रहा है। नई विश्व संरचना हो रही है, जैसे कभी दूसरे विश्व युद्ध के बाद हुई थी। इस बार इस नई विश्व संरचना में चीन अपना सोच डालना चाहता है, उसे सिर्फ भारत ही रोक सकता है। नई विश्व संरचना में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्र का सशक्त होना जरूरी है, तभी यह संभव है।
यह बात इंडिया फाउंडेशन के बोर्ड आफ गवर्नर्स के सदस्य और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने कही। बात घुमाकर यह भी स्पष्ट कर दिया कि देश को अभी राष्ट्रवादी सरकार की जरूरत है। राम मंदिर राष्ट्रीय एकात्मकता का प्रतीक है।
वीएसएसडी कालेज में पंडित दीन दयाल शिक्षा समिति के बैनर तले राम माधव की पुस्तक बिकॉज इंडिया कम्स फर्स्ट का विमोचन कार्यक्रम था। राम माधव ने इस मौके पर कहा कि वर्ष 2014 के बाद बड़े परिवर्तन के प्रयास किए जा रहे हैं। राष्ट्र सर्वोपरि की भावना से काम किया जा रहा है।
बड़े कामों में उन्होंने कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाया जाना बताया और कहा कि लोगों में अब राष्ट्रवाद की भावना आई है। यह भी बताया कि वर्ष 1963 में सांसदों ने तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू से अनुच्छेद 370 हटाने के लिए कहा था, पर इसे खोखला करने की ही प्रक्रिया चलती रही।