(www.arya-tv.com)राजधानी लखनऊ में 14 दिन पहले हुए गैंगवार में आए दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह हत्याकांड में बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह का नाम सामने आया है। धनंजय सिंह के कहने पर ही सुल्तानपुर के डॉक्टर ने घायल शूटर का इलाज किया था। वहीं, बुधवार को पुलिस ने अंबेडकरनगर जिले से संदीप सिंह उर्फ बाबा नाम के शूटर को हिरासत में लिया गया है। वह चंदौली का रहने वाला है। संदीप पश्चिमी UP के कुख्यात सुंदर भाटी गैंग का सक्रिय सदस्य है।
डॉक्टर ने दोबारा दर्ज कराया अपना बयान
सुल्तानपुर जिले डॉ. एके सिंह ने एक दिन पहले लखनऊ पुलिस की मौजूदगी में कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया है। इसके बाद बुधवार सुबह तक वारदात में शामिल रहे शूटर राजेश तोमर की भी पहचान कर ली गई है। वह अलीगढ़ का रहने वाला है और सुंदर भाटी गैंग का सदस्य है। बीते 6 जनवरी को हत्याकांड में शूटर राजेश अजीत सिंह की गोली से घायल हो गया था। जिसका पूर्व सांसद धनंजय सिंह के कहने पर डॉ. एके सिंह ने सुल्तानपुर में इलाज करवाया था।
वहीं, डॉ. एके सिंह के कोर्ट में बयान दर्ज होने से धनंजय सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पूर्व सांसद पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस घायल आरोपी का इलाज कराने वाले उनके गुर्गे कृष्णानगर के मानसनगर निवासी विपुल सिंह की तलाश कर रही है।
लखनऊ कोर्ट में पेश किया गया आजमगढ़ जिले का ध्रुव सिंह
पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह हत्याकांड के नामजद आरोपियों ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह और अखंड प्रताप सिंह को लखनऊ लाया गया है। जहां उन्हें सीजेएम प्रशांत मिश्र की कोर्ट में पेश किया गया। जिसके बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में आजमगढ़ जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस ने कोई पूछताछ नहीं की है। बताया जा रहा है कि, अभियुक्तों के रिमांड के संबंध में दोबारा सुनवाई होगी।