(www.arya-tv.com) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का कार्यकाल खत्म होने में सिर्फ एक हफ्ता बाकी है। गुरुवार को कैपिटल हिल में हुई हिंसा से अमेरिकी सांसद नाराज हैं और ट्रम्प पर महाभियोग चलाने के लिए अमेरिकी संसद के हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में वोटिंग कर चुके हैं।
उप राष्ट्रपति माइक पेंस संविधान के 25वें संशोधन का इस्तेमाल करने से इनकार कर चुके हैं, जिसके जरिए ट्रम्प को पद से हटाया जा सकता है। ट्रम्प अगर हटते तो पेंस बाकी 7 दिन राष्ट्रपति बन सकते थे। हालांकि, उन्होंने ऐसा नहीं किया। अब महाभियोग पर जोर ज्यादा है। डेमोक्रेट सांसद चाहते हैं कि ट्रम्प पर दूसरी बार महाभियोग चलाया जाए।
क्या वास्तव में महाभियोग से हटाए जा सकते हैं ट्रम्प
यह नामुमकिन तो नहीं, लेकिन मुश्किल जरूर है। …और इसकी सबसे बड़ी वजह है वक्त। ट्रम्प का कार्यकाल अब से 6 दिन बाद खत्म हो जाएगा। इसे कुछ पॉइंट्स के जरिए आसान भाषा में समझते हैं।
- महाभियोग की प्रक्रिया पूरा करने के लिए मियाद तो तय नहीं है, लेकिन इसमें करीब 10 दिन तो लग ही सकते हैं।
- भारत की तरह अमेरिकी संसद के भी दो सदन हैं। चूंकि चुनाव में डेमोक्रेट्स को जीत मिली, लिहाजा हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स (HOR) में उसका बहुमत है। इसकी स्पीकर नैंसी पेलोसी महाभियोग की वकालत भी कर रही हैं, लेकिन सीनेट में अब भी रिपब्लिकन पार्टी मेजॉरिटी में है।
- 2012 में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रहे मिट रोमनी हों या मिच मैक्डोनेल, ये दोनों रिपब्लिकन सांसद ट्रम्प के विरोधी तो हैं, लेकिन महाभियोग का विरोध कर रहे हैं। रोमनी ने BBC से कहा- यह सिर्फ वक्त की बर्बादी होगी। इसके लिए अब समय नहीं बचा।
- शिकागो यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर गिंसबर्ग कहते हैं- पिछली बार की तरह ही यह कवायद बेकार साबित होगी। रिपब्लिकन सांसद ट्रम्प का विरोध तो कर सकते हैं, लेकिन उनके खिलाफ वोट देंगे, इसकी संभावना बहुत कम है।
- सीनेट में बहुमत के लिए डेमोक्रेट्स को 16 सीटें और चाहिए। ये फिलहाल मुश्किल है। बाइडेन दूसरे कामों पर ज्यादा ध्यान देंगे। वे सीनेट ट्रायल के फेर में नहीं फंसेंगे।
अपनों ने साथ छोड़ा
CNN ने एक रिपोर्ट में कहा- वाइस प्रेसिडेंट की पूरी कोशिश है कि वे रिपब्लिकन पार्टी और ट्रम्प को मुश्किल से बचाएं। चंद दिनों के लिए वे खुद राष्ट्रपति नहीं बनना चाहते। यही वजह है कि उन्होंने कांग्रेस में बहस के दौरान साफ कर दिया कि वे संविधान के 25वें संशोधन का इस्तेमाल करते हुए ट्रम्प को नहीं हटाएंगे। पेंस ने हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की स्पीकर नैंसी पेलोसी को लेटर लिखकर अपने फैसले की जानकारी भी दे दी है। पेंस ने कहा- ऐसा करना देशहित में नहीं होगा।
क्या है अमेरिकी संविधान का 25वां संशोधन ?
25वें संशोधन के तहत उप-राष्ट्रपति को राष्ट्रपति बनने का अधिकार होता है। ये स्थिति तब आती है जब राष्ट्रपति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में सक्षम नहीं होता। मसलन अगर राष्ट्रपति शारीरिक या मानसिक बीमारी के कारण जिम्मेदारी नहीं संभाल पा रहे हों। 25वें संशोधन का सेक्शन चार उप-राष्ट्रपति को अधिकार देता है कि वो कैबिनेट के बहुमत के साथ मिलकर राष्ट्रपति ट्रम्प को तुरंत अयोग्य घोषित कर सकते हैं।
क्या खुद को माफ करेंगे ट्रम्प
पद पर रहते हुए ट्रम्प के पास यह शक्ति है कि वे संघीय अपराधों यानी फेडरल चार्जेस से खुद की बरी कर सकते हैं। इसे सेल्फ पार्डन यानी स्वयं को माफी देना कहा जाता है। हालांकि, कुछ एक्सपर्ट्स नहीं मानते की ट्रम्प यह कदम उठाएंगे। अब तक यह तय नहीं है कि बाकी बचे एक हफ्ते में ट्रम्प खुद को माफ करने वाले ऑर्डर पर साइन करेंगे या नहीं। बहरहाल, गुरुवार को कैपिटल हिल में हुई हिंसा के बाद ट्रम्प मंगलवार को टेक्सास पहुंचे। यहां उन्होंने मैक्सिको बॉर्डर पर बनी दीवार को देखा।
यूट्यूब ने ट्रम्प का चैनल सस्पेंड किया
यूट्यूब ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का चैनल एक हफ्ते के लिए सस्पेंड कर दिया है। इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है। CNN बुधवार सुबह एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। इस चैनल पर अपलोड किए गए कुछ वीडियोज को भड़काउ माना गया है। कंपनी ने कहा- कुछ वीडियोज हमारी पॉलिसी से मेल नहीं खाते। बयान बहुत संक्षिप्त है। इसमें डीटेल्स नहीं दी गईं हैं। फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पहले ही ट्रम्प के अकाउंट सस्पेंड कर चुके हैं।