ओलो ने किया साल के पहले रविवार का स्वागत, बूंदाबांदी ने बढ़ाई ठंड

Meerut Zone UP

मेरठ।(www.arya-tv.com) नए साल के दूसरे दिन ही हुई बूंदाबांदी ने ठंडक को और बढ़ा दिया है। रविवार को सुबह की शुरुआत हल्‍के कोहरे और बूंदाबांदी के साथ हुई। बारिश का यह दौर आज जारी रहेगा। वहीं रविवार की सुबह बागपत में कुछ देरतक ओले पड़े, जिसके बाद लोग घरों से बाहर निकल आए और सड़क पर बिछे ओलों को देखा।

एक दो दिन अभी बारिश होने की संभावना है। मेरठ में आज रविवार को न्‍यूनतम पारा सात डिग्री और अधिकतम पारा 17 डिग्री तक रहने की संभावना है। मेरठ और आसपास के जिलों में में ठंड पूरे जोरों पर है। कृषि मौसम सलाहकार समिति के नोडल अधिकारी एम शमीम ने बताया कि कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरा भी छाया रहेगा। ऐसे में लोग अगर बाहर जाने का कार्यक्रम बना रहे हैं तो मौसम के तेवरों को ध्यान में रखना होगा। इस समय जनपद में उत्तर पश्चिम हवा बह रही है।

भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान के प्रधान मौसम विज्ञानी डा. एन सुभाष ने बताया कि गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम 16.4 डिग्री था। वहीं, न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि तेज हवा के साथ बूंदाबांदी होती है तो ठंड का सितम पहले से अधिक बढ़ेगा। इसके पूर्व नववर्ष का आगाज कड़ाके की ठंड और कोहरे के साथ हुआ। सुबह से ही घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। दिन में भी वाहन चालकों को हेड लाइट जलाकर चलना पड़ा। गुरुवार को दोपहर बाद कुछ देर के लिए सूर्य देव के दर्शन तो हुए लेकिन शीतलहर के कारण सर्दी में कोई कमी नहीं आई।

नववर्ष के पहले दिन सबसे ठंडा सहारनपुर रहा। यहां स्थित राजकीय मौसम वेधशाला मुजफ्फराबाद के प्रभारी उमेश कुमार के मुताबिक न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। बागपत का न्यूनतम 1.8 रहा। मेरठ का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री रहा। मुजफ्फरनगर का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बिजनौर का न्यूनतम तापमान 4.4 रहा।

बुलंदशहर का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मौसम का यह रुख अभी बने रहने की संभावना है। एक दो दिन में बूंदाबांदी भी हो सकती है। वहीं सहारनपुर में गुरुवार को वर्ष-2020 का अंतिम दिन जोर का झटका दे गया।

पारा लुढकते हुए शून्य पर पहुंच गया, इससे पाले का प्रकोप बढ़ गया। ठंडक के लिए मशहूर मसूरी जैसे पहाड़ी स्थल से ज्यादा ठंडा सहारनपुर रहा। इस दशक में चौथी बार सहारनपुर में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिन में चमकी हल्की धूप भी शीतलहर का गुरूर नही तोड़ सकी।दिन छिपने के साथ ही बर्फीली हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ।

इस बार अक्टूबर से ठंड ने दस्तक दे दी थी लेकिन सर्दी नवंबर तक गुलाबी बनी रही। दिसंबर में पारे ने असर दिखाना शुरू किया। माह के अंतिम दिन तापमान लुढ़कते हुए शून्य डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मुजफ्फराबाद स्थित राजकीय मौसम वेधशाला प्रभारी उमेश कुमार के मुताबिक न्यूनतम तापमान गुरुवार को 0.0 डिग्री जबकि अधिकतम 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि बुधवार को यह क्रमशः 2.5 ओर 12.6 डिग्री रहा था। न्यूनतम तापमान पर गुरुवार को 2.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।