(www.arya-tv.com)सपा सरकार में खनन मंत्री रहे गायत्री प्रजापति की मुश्किलें कम होती दिखा नहीं रही हैं। बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गायत्री के अमेठी और राजधानी लखनऊ स्थित घर पर एक साथ छापेमारी की। इसके अलावा ED की तीसरी टीम राजधानी में विभूति खंड स्थित गायत्री के बेटे के ओमेक्स के ऑफिस पर दस्तावेजों को खंगाल रही है। जानकारी के अनुसार, 7 घंटे की छापेमारी में पूर्व खनन मंत्री गायत्री प्रजापति के बेटे और उनकी कंपनियों के खिलाफ की छापेमारी में कई चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं।
7 घंटे की जांच में ईडी की टीमों ने पाया कि 400 करोड़ रुपए के अधिक बकाया होने के बावजूद आम्रपाली ने जमीन दिलाने में नोएडा अथॉरिटी के ओएसडी मनोज राय समेत कई अधिकारियों ने मदद की। ईडी ने पाया कि नोएडा अथॉरिटी के तत्कालीन ओएसडी मनोज राय व यशपाल ने बिल्डर रविंद्र सिंह और अरविंद मोहन सिंह, विवेक गोयल जनरल मैनेजर की मदद की।
आरोप है कि मनोज राय ने आम्रपाली समूह की मदद और उसके एवज में रुपए लिए और आम लोगों के आवंटन को रद्द कर दिया गया। गायत्री प्रजापति के बेटों की कंपनी के साथ मिलकर नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों और बिल्डरों ने आम्रपाली खुद जमीन दिलाने के लिए सारे नियम कायदे ताक पर रख दिए। ईडी की टीम लखनऊ कानपुर और अमेठी में 7 स्थानों पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी कर रही है।
मंत्री रहते हुए गायत्री ने 6 गुना अधिक सम्पत्ति बनाई
बता दें कि वर्ष 2012-17 के दौरान मंत्री रहते हुए प्रजापति ने आय से छह गुना अधिक संपत्तियां बनाई थी। वैध स्रोतों से उनकी आय 50 लाख रुपए के करीबी थी, जबकि उनके पास तीन करोड़ से अधिक की संपत्तियां मिलीं थीं। पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति वर्तमान में दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद हैं। इस मामले में लखनऊ पुलिस ने 15 मार्च 2017 को पूर्व मंत्री को गिरफ्तार कर जेल भेजा था और तब से वह जेल में हैं।
अगस्त 2019 में दर्ज हुआ था केस
खनन घोटाले में ED ने अगस्त 2019 में CBI की FIR को आधार बनाकर पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद, बी.चंद्रकला समेत पांच IAS अधिकारियों के विरुद्ध प्रिवेंशन आफ मनी लॉड्रिंग एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसके बाद जांच में 22 ऐसी बेनामी संपत्तियों की भी जानकारी मिली, जो मंत्री रहते हुए प्रजापति ने अपने करीबियों के नाम पर खरीदी थी। ये संपत्तियां करीबी रिश्तेदारों, निजी सहायकों और ड्राइवरों के नाम पर हैं।
बुधवार सुबह प्रयागराज के ED के अधिकारी अमेठी कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कालोनी स्थित गायत्री प्रसाद के घर पर पहुंचे। जहां बेनामी संपत्तियों के दस्तावेजों और परिवार वालों से पूछताछ चल रही है। इसके अलावा टीम ने गायत्री के ड्राइवर रामराज के आवास पर भी छापेमारी की है। रामराज का घर टिकरी गांव में है। वहीं, गायत्री के रिश्तेदार हरी लाल प्रजापति व नौकर रामटहल वर्मा के घर के अंदर भी ED मौजूद है। वहीं, ED की एक टीम ने कानपुर में गायत्री प्रजापति के CA यूसी खंडेलवाल के घर पर छापेमारी की है। स्वरूप नगर के नागेश्वर अपार्टमेंट में टीम खंडेलवाल से पूछताछ कर रही है।
सूत्रों के अनुसार ED इस बात की जानकारी जुटाने में लगी है कि संपत्तियां खरीदने के लिए धन किन स्रोतों से आया? उनसे आयकर रिटर्न और बैंक खातों के संबंध में भी जानकारी ली जाएगी। ऐसी ज्यादातर संपत्तियां भवन, भूखंड और फ्लैट के रूप में है।
