(www.arya-tv.com)केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ सोमवार को किसान संगठनों ने लखनऊ में प्रदर्शन किया। ग्रामीण क्षेत्र चिनहट से मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां कानूनों को वापस लिए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के आवास का घेराव करने के लिए कूच करने लगे। पुलिस को इस बात की भनक लगते ही किसान नेता हरिनाम सिंह को किसान भवन में नजरबंद कर दिया गया है।
किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं
कृषि बिल के विरोध में दिल्ली बॉर्डर पर किसानों के आंदोलन का आज 19वां दिन है। अब तक कई बार सरकार के मंत्रियों से वार्ता हुई, लेकिन बेनतीजा रही। इससे अब किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के लोग पैदल मार्च पर निकले। किसान यूनियन के प्रवक्ता आलोक वर्मा ने बताया कि दोपहर 2 बजे भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष हरिनाम सिंह वर्मा के नेतृत्व में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया था। लेकिन उससे पहले ही हमारे नेता हरिनाम को पुलिस ने जबरन नजरबंद कर दिया है। सरकार तानाशाही रवैये पर उतर आई है। यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस की गोपनीय शाखा एक्टिव
उत्तर प्रदेश में किसान संगठनों के द्वारा द्वारा आज भाजपा के सांसद और विधायकों के आवास का घेराव को लेकर यूपी पुलिस व LIU की टीम एक्टिव है। LIU और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के द्वारा विभिन्न किसान संगठन और माध्यम से अपडेट लिया जा रहा है।