कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे पूर्व सीओ आले हसन को बेटे के साथ पुलिस ने दबोचा, 50 से अधिक दर्ज हैं मामले

UP

(www.arya-tv.com)समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान के करीबी पूर्व सीओ आले हसन को आज रामपुर में सिविल लाइंस पुलिस ने कलेक्ट्रेट परिसर से दबोच लिया। वो कोर्ट में सरेंडर की फिराक में थे। आले हसन पर 40 से अधिक मामले दर्ज हैं। कोर्ट ने उनके खिलाफ कुर्की का नोटिस और एनबीडब्ल्यू जारी किया था।

2017 में आजम ने बनाया जौहर यूनिवर्सिटी का मुख्य सुरक्षा अधिकारी

आले हसन, सपा सांसद आजम खान के बेहद करीबी हैं। प्रदेश में सपा की सत्ता रहते आले हसन की तैनाती रामपुर में ही रही है। रिटायरमेंट के बाद साल 2017 में उन्हें आजम खान ने अपनी जौहर यूनिवर्सिटी का मुख्य सुरक्षा अधिकारी बनाया था। पूर्व सीओ आले हसन के खिलाफ अजीमनगर थाने में जौहर यूनिवर्सिटी के जिए जमीन कब्जाने के आरोप में 28 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा गंज थाने में घरों में तोड़फोड़, लूटपाट आदि के 11 मामले दर्ज हैं। हाल ही में रामपुर कोर्ट ने उनके खिलाफ धारा 82 के तहत कुर्की की नोटिस जारी की थी।

बता दें कि, जन्म प्रमाण पत्र में फर्जीवाड़ा के आरोप में आजम खान, बेटे अब्दुल्ला व पत्नी तंजीन फातिमा के साथ इन दिनों सीतापुर जेल में बंद हैं। आजम खान पर 83 मुकदमे दर्ज हैं। उन्हें फरवरी माह में न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था।