(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में लक्ष्मी प्राप्ति के लिए एक महिला ने 40 पुरोहितों से अनुष्ठान कराया। पूर्णाहुति के बाद आज सुबह आयोजक महिला ने पुरोहितों को 5.53 लाख का एक पैकेट में दक्षिणा भेंट किया। लेकिन जब पुरोहितों ने नोट देखे तो वे सन्न रह गए। तकरीबन सभी नोट चूरन वाले थे। जिन पर मनोरंजन बैंक ऑफ इंडिया लिखा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार महिला की तलाश शुरू कर दी है।
मामला रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के टेरवा मनिकापुर गांव का है। यहां की एक महिला गीता पाठक ने लक्ष्मी की प्राप्ति के लिए पड़ोसी जनपद बहराइच से 40 पुरोहितों को बुलाया था। 11 दिन चले अनुष्ठान का आज समापन हुआ। गुरुवार की सुबह गीता पाठक ने अनुष्ठान करने वाले पुरोहितों की विदाई की। इस दौरान उन्हें एक लाल रंग के पैकेट में नोटों की गड्डी थमाई। पुरोहितों ने जब रुपए से भरा पैकेट खोलकर देखा तो वे दंग रह गए, क्योंकि बैग में ऊपर असली और अंदर लाखों रुपए की मनोरंजन बैंक ऑफ इंडिया की चूरन वाली नोटें थी।
पुरोहितों ने थाना रामपुर मथुरा पहुंचकर पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने नोटों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि कि महिला ने पहले नौ दिन का अनुष्ठान तय किया था। बाद में उसमें दो दिन की वृद्धि कर उसे 11 दिन का अनुष्ठान कराया गया था। सीओ महमूदाबाद रवि शंकर ने बताया कि, पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है और इसमें लिप्त लोंगो के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।