(www.arya-tv.com)भीमताल झील से अवैध मछली शिकार रूकने का नाम नहीं ले रहा है। शिकारियों द्वारा चोरी-छिपे झील के वर्जित क्षेत्रों से मछलियों को अवैध तरीके से मारा जा रहा है। बावजूद विभाग की ओर से इनके खिलाफ कोई कार्रवाई अमल में नहीं लायी जा रही है। गुरुवार को गौ सेवा समिति अध्यक्ष एवं हाईकोर्ट अधिवक्ता मोनू पांडे ने कहा भीमताल झील से विभाग द्वारा अवैध शिकार को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाये जा रहे हैं। शिकारियों द्वारा झील में कांटे डालकर महसीर, कार्प जैसी मछलियों का शिकार किया जा रहा है। उनके द्वारा झील से अवैध तरीके से मछलियों के शिकार पर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। मामला अदालत में विचाराधीन है। उन्होंने मत्स्य व थाना पुलिस से झील से मछलियों के अवैध रूप से हो रहे शिकार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। इधर मत्स्य अधिकारी जीएस बिष्ट से संपर्क करने की कोशिश की गयी। लेकिन उनसे इस संबंध में वार्ता नहीं हो पायी।
