CAA के खिलाफ प्रदर्शन कर रही महिलाओं को गिरफ़्तार करने पहुंची पुलिस, आक्रोशित प्रदर्शनकारियों से झड़प

UP Varanasi Zone

वाराणसी।(www.arya-tv.com) नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे बेनियाबाग में प्रदर्शन कर रही महिलाओं को गिरफ़्तार करने पहुंची पुलिस पर लोगों ने पथराव कर दिया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल पहुंची तो लोग आक्रोशित हो गए। इस दौरान पुलिस संग प्रदर्शनकारियों की झड़प के बीच पथराव होने के साथ ही पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठी चार्ज कर दिया।

इसकी वजह से मौके पर भगदड़ मच गई, वहीं विरोध प्रदर्शन और हिंसा के बीच पुलिस ने कई लोगों को इस दौरान हिरासत में भी ले लिया। पुलिस के अनुसार बेनियाबाग में उपद्रव करने की तैयारियों की जानकारी के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। जब‍कि उपद्रव करने के जिम्‍मेदार लोगाें की शिनाख्‍त कर उनके खिलाफ सख्‍त कार्रवाई की जाएगी।

बेनियाबाग में कांग्रेस नेता सृष्टि कश्यप के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम महिलाएं नागरिकता संशोधन कानून का विरोध करने के लिए गुरुवार को जमा हुई थीं। सामान्‍य तौर पर सैकड़ों महिलाओं के साथ ही उनके बच्‍चे भी इस धरना प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के साथ मौजूद थे। सुबह विवाद होने के बाद पुलिस ने सख्‍ती करते हुए सभी को मौके से हटाने के साथ ही प्रदर्शन कर रही मुस्लिम महिलाओं को हिरासत में ले लिया।

वहीं सुरक्षा कारणों से महिला पुलिस बल की भी तैनाती कर दी गई है। पुलिस के अनुसार नई दिल्‍ली के शाहीनबाग की तर्ज पर ही महिलाओं का वाराणसी के बेनियाबाग में धरना प्रदर्शन और आंदोलन करने की तैयारी थी। बेनियागाग स्थित राजनारायण पार्क सीएए के विरोध में राजनीतिक आंदोलन का हिस्‍सा बनने की ओर था, हालांकि पुलिस की सख्‍ती शुरू होने के बाद पूरा मैदान पुलिस छावनी में तब्‍दील हो गया है।

बेनियाबाग मैदान में विरोध प्रदर्शन और आंदोलन शुरू किए जाने की जानकारी होने के बाद सुरक्षा कारणों से पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और महिलाओं को वापस जाने को कहा। महिलाओं के आक्रोशित होने के बाद विवाद शुरू हो गया। इस दौरान पुलिस बल ने चारों ओर से घेर कर लोगों पर लाठी चार्ज कर दिया। इससे वहां पर भगदड़ मच गई।

वहीं सुरक्षा कारणों से कई थानों की पुलिस को भी मौके पर बुला लिया गया। पुलिस पर पथराव की घटना के बाद पुलिस और पीएसी के जवानों ने उपद्रव कर रहे लोगों को दौड़ा दौड़ा कर पीटा और पूरे मैदान को प्रदर्शनकारियों से मुक्‍त करा लिया। वहीं सुरक्षा कारणों से बेनियाबाग में भारी पुलिसबल की तैनाती के बीच पूरा मैदान दोपहर बाद तक पुलिस छावनी में तब्‍दील हो गया है।

पुलिस ने बताया क‍ि सीएए के विरोध को लेकर नई दिल्ली से कुछ लोग शहर में आए हुए हैं जो उपद्रव की साजिश रच रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर लिया गया है। बेनियबाग पार्क में डीएम और एसएसपी समेत पुलिस और पीएसी के जवान भी मौके पर पहुंच कर सुरक्षा व्‍यवस्‍था बनाने में जुट गए हैं। वहीं सुरक्षा कारणों से इस समय पार्क छावनी में तब्दील कर दिया गया है। वहीं पुलिस ने मौके पर उपद्रव कर रहे आठ युवकों को हिरासत में लेने के साथ ही उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। मौके पर पहुंचे एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने भी बवाल के जिम्‍मेदार लोगों की शिनाख्‍त कर उनके खिलाफ सख्‍त कार्रवाई करने की बात कही है।