अकेले सफर करने वाली महिलाओं के लिए यह लिपस्टिक उनका हथियार

Gorakhpur Zone UP

गोरखपुर।(www.arya-tv.com) सड़क पर अकेली महिला संकट में घिरी तो उसकी सेंडल व लिपस्टिक मददगार होंगे। शोर मचाएंगे, पुलिस को बुलाएंगे। घटना भी रिकार्ड हो जाएगी। इससे आरोपी की पहचान आसान होगी। महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े यह खास यंत्र गोरखपुर महोत्सव में आकर्षण का केंद्र बनेंगे। महोत्सव में आयोजित होने वाली विज्ञान प्रदर्शनी में इन यंत्रों के जनक वाराणसी के श्याम चौरसिया अपने तमाम आविष्कारों के साथ शामिल होंगे। उनकी खूबियों से लोगों को अवगत कराएंगे।

श्याम बताते हैं कि महिलाओं के लिए एंटी रेप सेंडल तैयार किया है। इसे बनाने में चार महीने लगे हैं और 9500 रुपये का खर्च आया है, लेकिन अब इसे 1500 रुपये में बनाया जा सकेगा। यह मुसीबत में महिलाओं की मदद करेगी। सेंडल में लगे सेंसर को दबाते ही 112 नंबर पर काल चली जाएगी और पुलिस मौके पर पहुंच जाएगी। घटनाक्रम की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सेंडल में हो जाएगी, जिससे आरोपित की पहचान आसान होगी। इसी तरह श्याम ने एंटी टीजिंग लिपस्टिक गन बनाया है।

एंटी टीजिंग लिपस्टिक गन की फायरिंग की आवाज एक किलोमीटर दूर तक जाती है। आवाज सुन लोगों का ध्यान परेशानी में पड़ी महिला की तरफ चला जाएगा और वह मदद को आ जाएंगे। फायर का ट्रिगर दबाते ही 112 नंबर पर काल भी चली जाएगी और पुलिस मदद को पहुंच जाएगी। इसे बनाने में करीब एक महीने का वक्त लगा है। 70 ग्राम की इस गन पर 650 रुपये खर्च हुए हैं। दोनों यंत्र बैटरी संचालित हैं।

भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया भाई की ओर से महोत्सव के मंच पर धरोहर कार्यक्रम की प्रस्तुति की जाएगी। इसमें पारंपरिक लोक गीतों से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश देने की कोशिश की जाएगी। कार्यक्रम के तहत बेटी के जन्म से लेकर उसके विवाह तक के गीतों की प्रस्तुति की जाएगी। भाई के क्षेत्रीय निदेशक राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम की प्रस्तुति दर्शकों के दिल तक पहुंचे, इसके लिए गायक कलाकार जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं। कार्यक्रम शिव गीत से शुरू होगा और सोहर, शगुन, हल्दी, मटकोड़, परछावन, सिंदूरदान, प्राणिग्रहण, विदाई से होते हुए फगुआ पर जाकर समाप्त होगा। कार्यक्रम के सूत्रधार शिवेंद्र पांडेय और विभा सिंह होंगी। संयोजन प्रेमनाथ करेंगे। कार्यक्रम की प्रस्तुति महोत्सव के मंच से 12 जनवरी को होगी।