पेशी के दौरान कोर्ट में आरोपित को मारी गोली, पुलिस जांच में लगी

Agra Zone UP

आगरा।(www.arya-tv.com) मैनपुरी में एडीजे कोर्ट नम्बर चार में पेशी के दौरान तिहरे हत्याकांड के आरोपित को गोली लग गई है। कोर्ट में गोली चलने की आवाज से अफरा तफरी मच गई। आरोपित के पैर में गोली लगी है। उसे अस्‍पताल उपचार के लिए ले जाया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना करहल क्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी मनीष कुमार ने अक्टूबर 2012 में अपने पिता, सौतेली मां और सौतेले भाई की हत्या कर दी थी तभी से वह जिला कारागार में निरुद्ध है। सोमवार को वह अदालत में पेशी पर आया था।

उसका मामला स्पेशल जज डकैती में कोर्ट में विचाराधीन है। दोपहर बाद करीब 3:30 बजे एडीजे कोट नंबर चार में था। तभी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुन अदालत में दहशत फैल गई। घायल मनीष को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मनीष ने प्रिंस नाम के युवक पर गोली मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके से तमंचा बरामद किया है। पुलिस का फिलहाल मानना है कि मनीष ने ही खुद को गोली मारी है, हालांकि मनीष पर तमंचा कैसे पहुंचा या मनीष को गोली मारने वाला तमंचा लेकर कोर्ट में कैसे पहुंचा? इसको लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है।