यूपी कैबिनेट बैठक में प्रयागराज की नगर निगम सीमा पर लगी मुहर

Prayagraj Zone UP

प्रयागराज।(www.arya-tv.com) लंबे इंतजार के बाद आखिरकार प्रयागराज नगर निगम सीमा का विस्तार हो गया। मंगलवार को यूपी कैबिनेट की बैठक में सीमा विस्तार के प्रस्ताव पर मुहर लग गई। अब नगर निगम की सीमा में 207 गांव और झूंसी नगर पंचायत को भी जोड़ा जाएगा। अभी 80 वार्ड हैं। सीमा विस्तार के बाद वार्डोंं की संख्या बढ़कर 100 हो जाएगी। पांच साल तक अविकसित नए वार्ड में टैक्स नहीं लगेगा।

नगर निगम के सीमा विस्तार पर यूपी कैबिनेट की 31 दिसंबर मंगलवार को होने वाली बैठक में अंतिम मुहर लगने की उम्मीद थी। सीमा विस्तार होने पर अविकसित वार्डों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सबसे बड़ी चुनौती होगी। इसके लिए कर्मचारियों और अधिकारियों की नई भर्ती भी करनी होगी। वर्तमान में 80 वार्ड हैं जो सीमा विस्तार के बाद 100 हो जाएंगे। साफ-सफाई की व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, पाइप लाइन व सीवर लाइन प्रमुख चुनौतियों में शामिल हैं।

24 दिसंबर को कैबिनेट की बैठक में काबीना मंत्री और शहर पश्चिमी के विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने सीमा विस्तार में शामिल किए जाने वाले गांवों की सूची पर आपत्ति दर्ज कराई थी। इससे नगर निगम प्रयागराज का सीमा विस्तार नहीं हो सका। शासन ने नगर निगम से संशोधित गांवों की सूची मांगी थी।

नगर निगम ने पहले 238 गांवों की संभावित सूची शासन को भेजी थी। मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह की आपत्ति के बाद शहर पश्चिम के 12 गांव को सूची से हटाया गया है। चर्चा है कि फूलपुर के 19 गांवों को भी संभावित सूची से पृथक किया है। उम्मीद है कि प्रयागराज में 207 गांवों और झूंसी नगर पंचायत को शामिल किया जाएगा। महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने कहा कि नगर निगम प्रयागराज का सीमा विस्तार बहुत जरूरी था।

सीमा विस्तार होने पर हमारी प्राथमिकता रहेगी कि अविकसित नए वार्डों को शीघ्र विकसित किया जाए। वहां पर साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, सीवर लाइन और पाइप लाइन की व्यवस्था समुचित की जाए। सीमा विस्तार होने पर राज्य वित्त आयोग और अवस्थापना निधि का बजट बढ़ेगा। उनसे विकास कार्य कराए जाएंगे।