ऑनलाइन हर मिनट 95 लोग ऑर्डर करते हैं बिरयानी, खिचड़ी की भी बढ़ी डिमांड

National

हम भारतीय न केवल पकवान बनाने बल्कि खाना खाने में भी खूब माहिर हैं। तरह-तरह के व्यंजन खाने में भारतीयों का सानी नहीं है। विविधता से भरे अपने देश में इतने तरह के व्यंजन बनाए-खाए जाते हैं, जिनकी मुरीद पूरी दुनिया है। आजकल खाना ऑर्डर करने के लिए कई तरह की फूड सर्विस है, जो मोबाइल एप के माध्यम से खाना मुहैया कराते हैं। इसी तरह के एक फूड डिलीवरी एप है स्विगी की वार्षिक रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आइए, जानते हैं इस बारे में विस्तार से:
ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी की हालिया वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, देश में हर मिनट बिरयानी के 95 ऑर्डर दिए जाते हैं। पिछले दो साल से भी बिरयानी, सबसे ज्यादा आॅर्डर किए जाने वाले फूड में शामिल थी। बताया गया है कि इस एप के यूजर्स चिकन बिरयानी को ज्यादा पसंद करते हैं। फूड डिलीवरी एप पर इस साल गुलाम जामुन के 17 लाख 69 हजार 399 ऑर्डर आए। इससे जाहिर होता है कि हम भारतीयों के लिए गुलाब जामुन आज भी पसंदीदा डेजर्ट बनी हुई है। ये ऑर्डर दिल्ली और मुंबई के अलावा बेंगलूरू, हैदराबाद और चेन्नई जैसे शहरों से आए थे।
रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय मूंग दाल का हलवा और फालूदा खाने में भी माहिर हैं। फालूदा के 11.94 लाख और मूंग दाल के हलवा के दो लाख से ज्यादा ऑर्डर आए। मालूम हो कि शादी समारोहों में भी मूंग दाल का हलवा खूब पसंद किया जाता है और फालूदा तो बच्चों से लेकर बड़ों तक के बीच लोकप्रिय है।
भारतीयों का एक और पसंदीदा सुपाच्य भोजन खिचड़ी भी इस साल ज्यादा पसंद किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, इस साल खिचड़ी ऑर्डर में 128 फीसदी की वृद्धि देखी गई। साल 2019 में खिचड़ी, बिरयानी के अलावा मसाला डोसा, पनीर बटर मसाला, वेज फ्राइड राइस, वेज बिरयानी, और दाल मखनी सबसे ज्यादा पसंद की गई।
रिपोर्ट के अनुसार, पिज्जा ऑर्डर करने वाले वेजिटेरियन टॉपिंग्स को महत्व देते हैं। पिज्जा ऑर्डर पर पनीर, प्याज, एक्स्ट्रा चीज, मशरूम, शिमला मिर्च, कॉर्न वगैरह सबसे पसंदीदा टॉपिंग में रहे। भारतीयों की अन्य पसंदीदा व्यंजनों में दाल मखनी विथ जीरा राइस, मिनी डोसा, इडली, मेथी मलाई मटर, चपाती थाली, गोभी मटर मसाला आदि शामिल रहे।