विशेष टास्क फोर्स गठित करे सरकार: डॉ. राजेश्वर सिंह

Lucknow
  • सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखा पत्र, तीन माह तक मिशन मोड में निगरानी और विभागों की जवाबदेही तय करने का किया आग्रह

लखनऊ। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने, विशेष टास्क फोर्स गठित करने और अगले तीन माह तक सघन निगरानी अभियान चलाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर आधारभूत संरचना का विकास हो रहा है, ऐसे में भारी बारिश से खराब हुई सड़कों की मरम्मत भी प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराई जानी चाहिए। शहरों से लेकर गांवों तक नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना आवश्यक है।

  • विकास के साथ स्थानीय समस्याओं का समाधान भी जरूरी

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने निवेश, उद्योग, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों, मेट्रो, एक्सप्रेसवे और अन्य बड़ी परियोजनाओं के विस्तार से प्रदेश के विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि विकास की इस यात्रा में आम नागरिकों की रोजमर्रा की समस्याओं का समय पर समाधान भी उतना ही महत्वपूर्ण है। अतिवृष्टि के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत में देरी से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है, इसलिए इस कार्य को मिशन मोड में पूरा किया जाना चाहिए।

  • तीन माह तक चले विशेष निगरानी अभियान

विधायक ने सुझाव दिया कि सड़क मरम्मत के लिए अगले तीन माह तक विशेष निगरानी अभियान चलाया जाए। इसके तहत लोक निर्माण विभाग, नगर निगमों एवं नगर निकायों, जिला पंचायतों, विकास प्राधिकरणों और अन्य संबंधित विभागों की स्पष्ट जवाबदेही तय की जाए। प्रत्येक क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कों की सूची तैयार कर मरम्मत की समय-सीमा निर्धारित की जाए और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय हो। साथ ही, कार्यों की नियमित निगरानी, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच और नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

  • अतिरिक्त बजट से तेज हो मरम्मत कार्य

डॉ. राजेश्वर सिंह ने सड़क मरम्मत के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए कहा कि पर्याप्त संसाधन और प्रभावी निगरानी से मरम्मत कार्यों को समय पर पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि केवल क्षतिग्रस्त सड़कों की पहचान करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी मरम्मत की गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करना भी जरूरी है। विशेष टास्क फोर्स के माध्यम से कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर बाधाओं को दूर किया जा सकता है।

  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति जताया आभार

डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए प्रदेश में विकास, निवेश और आधारभूत संरचना के विस्तार के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सुशासन का उद्देश्य बड़े विकास लक्ष्यों को हासिल करने के साथ स्थानीय स्तर पर जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान करना भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि अतिरिक्त बजट, विशेष टास्क फोर्स और तीन माह के निगरानी अभियान से सड़क मरम्मत के कार्यों में तेजी आएगी तथा प्रदेश के शहरों, कस्बों, वार्डों और गांवों में लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।