जर्मन ग्रीन स्टील एंड पावर लिमिटेड का शेयर अपने 139 रुपये के निर्गम मूल्य मुकाबले तीन प्रतिशत से अधिक बढ़त के साथ सोमवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ। BSE पर शेयर 143.50 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, जो निर्गम मूल्य से 3.23 प्रतिशत अधिक है। एनएसई पर शेयर ने निर्गम मूल्य से 2.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 142 रुपये पर कारोबार शुरू किया। कंपनी का बाजार मूल्यांकन 1,004.03 करोड़ रुपये रहा।
28.98 गुना अभिदान मिला
जर्मन ग्रीन स्टील एंड पावर लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पिछले सप्ताह मंगलवार को बोली के अंतिम दिन 28.98 गुना अभिदान मिला था। कंपनी के 304 करोड़ रुपये के आईपीओ का मूल्य दायरा 132-139 रुपये प्रति शेयर था। नए शेयर से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल गुजरात के कच्छ जिले के सामखियाली में कंपनी की विनिर्माण इकाई के विस्तार, पवन एवं सौर ऊर्जा के संयुक्त संयंत्र की स्थापना, कर्ज चुकाने और सामान्य कारोबारी जरूरतों के लिए किया जाएगा। गुजरात स्थित जर्मन ग्रीन स्टील एंड पावर एकीकृत लौह एवं इस्पात विनिर्माण कंपनी है। इसके उत्पादों में टीएमटी बार, एमएस बिलेट और स्पंज आयरन शामिल हैं।
