मंदिर में शादी, बच्चे की मां बनी तो शिक्षक ने छोड़ा साथ! पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

# ## UP

श्रावस्ती जिले के सोनवा क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मननगर निवासी एक महिला ने जिले में तैनात सहायक शिक्षक पर शादी करने के बाद धोखा देने और बच्चे के भरण-पोषण से मुंह मोड़ने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी को प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है। एसपी ने मामले की जांच सीओ इकौना को सौंपी है।

महिला ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि सहायक शिक्षक ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसाया और इसके बाद 27 नवंबर 2023 को मंदिर में शादी कर ली। शादी के बाद वह शिक्षक के बच्चे की मां बनी। पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में शिक्षक उससे किनारा करने लगा। महिला के मुताबिक, शिक्षक ने करीब दो माह तक बच्चे के भरण-पोषण के लिए खर्च दिया, लेकिन इसके बाद उसने यह रकम देना भी बंद कर दिया। इससे महिला के सामने बच्चे के पालन-पोषण की समस्या खड़ी हो गई।

पहली पत्नी के पहुंचने पर सामने आई शादी की बात

पीड़िता ने आरोप लगाया कि कुछ माह बाद शिक्षक की पहली पत्नी उसके घर पहुंची और उसके साथ मारपीट करने के साथ ही गाली-गलौज की। महिला का कहना है कि उसे शिक्षक की पहले से शादी होने की जानकारी नहीं थी। आरोप है कि शिक्षक ने यह बात उससे छिपाकर उसे अपने प्रेमजाल में फंसाया और मंदिर में शादी की।पीड़िता ने एसपी से पूरे मामले की जांच कराकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई और उसे व उसके बच्चे को न्याय दिलाने की मांग की है। महिला के अनुसार, एसपी राहुल भाटी ने मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। मामले की जांच सीओ इकौना को सौंपी गई है।