मुंबईः रोहित शेट्टी के स्टंट-बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का रोमांचक सफर खत्म हो गया है। करीब एक साल के ब्रेक के बाद अगस्त में शुरू हुए शो के 15वें सीजन में पुराने और नए कंटेस्टेंट्स के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। कई हफ्तों तक खतरनाक स्टंट और मुश्किल टास्क का सामना करने के बाद टीवी एक्टर अविनाश मिश्रा ने शो की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
फिनाले में अविनाश मिश्रा ने ऋत्विक धनजानी और ओरहान अवत्रामणि (ओरी) को पीछे छोड़ते हुए खिताब जीता। विजेता बनने के साथ उन्हें 20 लाख रुपये की इनामी राशि, एक कार और यूरोप ट्रिप भी मिली।
अविनाश मिश्रा बने Khatron Ke Khiladi 15 के विनर
‘डर का नया दौर’ थीम के साथ शुरू हुए इस सीजन में ‘चैंपियंस बनाम चैलेंजर्स’ फॉर्मेट देखने को मिला। इसमें शो के पुराने खिलाड़ियों का सामना नए दावेदारों से कराया गया। केप टाउन की खूबसूरत लोकेशंस पर शूट किए गए इस सीजन में कंटेस्टेंट्स को कई मुश्किल और जोखिम भरे स्टंट्स से गुजरना पड़ा।
फिनाले में अविनाश मिश्रा ने ऋत्विक धनजानी और ओरी को मात देकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। ऋत्विक धनजानी पहले रनर-अप, जबकि ओरहान अवत्रामणि दूसरे रनर-अप रहे।
इस सीजन में शामिल सभी कंटेस्टेंट्स को एक बाइक भी दी गई थी।
ट्रॉफी देखते ही भावुक हुए अविनाश
शो में अविनाश मिश्रा का सफर एक नए कंटेस्टेंट से मजबूत दावेदार और फिर विजेता बनने तक पहुंचा। स्टंट्स में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए उन्होंने अपनी मानसिक मजबूती और दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता दिखाई।
जब रोहित शेट्टी ने विनर के तौर पर अविनाश मिश्रा के नाम का ऐलान किया तो अभिनेता भावुक हो गए। ट्रॉफी हाथ में आते ही उन्होंने अपनी खुशी जाहिर की और रोहित शेट्टी से अपने करियर से जुड़ी भावनाएं साझा कीं।
अविनाश ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में उन्हें कई किरदारों के लिए नामांकन मिला और वह कई अवॉर्ड समारोहों का हिस्सा रहे, लेकिन यह पहली बार है जब उन्होंने कोई अवॉर्ड जीता है।
ईशा सिंह को लगाया गले
ट्रॉफी जीतने के बाद अविनाश मिश्रा अपनी करीबी दोस्त ईशा सिंह के पास पहुंचे, जो दर्शकों के बीच मौजूद थीं। उन्होंने ईशा को गले लगाया। इस दौरान दोनों की आंखों में खुशी के आंसू नजर आए और दोनों ने इस खास पल को साथ सेलिब्रेट किया।
कौन हैं Khatron Ke Khiladi 15 के विनर अविनाश मिश्रा?
अविनाश मिश्रा भारतीय टेलीविजन के चर्चित अभिनेता और रियलिटी टीवी पर्सनैलिटी हैं। उन्हें ‘ये तेरी गलियां’ जैसे टीवी शो में काम करने के लिए जाना जाता है।
अविनाश ने साल 2017 में ‘सेठजी’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इस शो में उन्होंने बाजीराव का किरदार निभाया था। इसके बाद उन्होंने टेलीविजन पर कई प्रोजेक्ट्स में काम किया और अपनी पहचान बनाई।
