उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ का बड़ा ऐलान: 17 अक्टूबर से प्रदेशभर में संपूर्ण कार्य बहिष्कार की चेतावनी

# ## Bareilly Zone UP

लंबित मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। मांगें पूरी नहीं होने पर 17 अक्टूबर से प्रदेशभर के लेखपाल संपूर्ण कार्य बहिष्कार करेंगे। इस आंदोलन में वेतन विसंगति दूर करने, नई भर्ती कराने, अतिरिक्त कार्यों का बोझ कम करने और लेखपाल पद को तकनीकी पद घोषित करने जैसी मांगें प्रमुख हैं।

संघ का कहना है कि लेखपालों से राजस्व कार्यों के अलावा कई विभागों के अतिरिक्त काम भी कराए जा रहे हैं। इससे नियमित कामकाज प्रभावित हो रहा है। वहीं, लंबे समय से वेतन संबंधी विसंगतियां दूर नहीं की गई हैं और रिक्त पदों पर भर्ती भी जरूरी है। संगठन ने आधुनिक लैपटॉप और मोबाइल उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है। लेखपालों को ग्राम सचिवालय में बैठकर पूरे सर्किल का काम करने की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए हैं। संघ का कहना है कि एक लेखपाल के कार्यक्षेत्र में कई गांव आते हैं। ऐसे में एक ही ग्राम सचिवालय में बैठकर पूरे सर्किल के राजस्व कार्यों का निस्तारण करना व्यावहारिक नहीं है।

चकबंदी लेखपाल भी आंदोलन में शामिल होने के पक्ष में

इस आंदोलन को लेकर चकबंदी लेखपालों के बीच भी चर्चा तेज है। वे भी लेखपाल संघ के आंदोलन में शामिल होने के पक्ष में हैं, हालांकि अभी चकबंदी लेखपालों ने संपूर्ण कार्य बहिष्कार में शामिल होने का निर्णय नहीं लिया है। संघ पदाधिकारी फतेह सिंह ने चेतावनी दी है कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 17 अक्टूबर से कामकाज पूरी तरह बंद किया जाएगा। इससे राजस्व संबंधी कार्यों के साथ आम जनता को मिलने वाली सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।