इकाना स्टेडियम में छह अक्टूबर मंगलवार को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। मैच के दौरान शहीद पथ पर रोडवेज, निजी बसों समेत सभी छोटे-बड़े व्यावसायिक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था मैच समाप्त होने तक लागू रहेगी। निजी कार, टैक्सी और अन्य निजी वाहनों पर सामान्य तौर पर रोक नहीं होगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से शहीद पथ के बजाय वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। यह जानकारी डीसीपी यातायात रवीना त्यागी ने दी।
बड़े वाहनों के लिए ये होंगे वैकल्पिक रास्ते
– अयोध्या रोड से आने वाले बड़े वाहन कमता तिराहे से शहीद पथ होकर सुल्तानपुर, रायबरेली या कानपुर रोड की ओर नहीं जा सकेंगे। उन्हें इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, समतामूलक, लालबत्ती, करियप्पा, तेलीबाग, बाराबिरवा या इंदिरानगर चौराहा होते हुए किसान पथ का इस्तेमाल करना होगा। कानपुर रोड तिराहे से आने वाले बड़े वाहनों को बाराबिरवा, बंगलाबाजार, तेलीबाग, करियप्पा, लालबत्ती, 1090 चौराहा या दरोगाखेड़ा-किसान पथ से भेजा जाएगा।
– सुल्तानपुर रोड से बड़े वाहन अहिमामऊ की ओर नहीं जा सकेंगे। उन्हें कबीरपुर तिराहे से किसान पथ होकर जाना होगा। अमूल तिराहे से अहिमामऊ जाने वाला सामान्य यातायात भी प्रतिबंधित रहेगा और वाहनों को लूलू मॉल कटिंग से शहीद पथ की ओर भेजा जाएगा। उतरेठिया से बड़े वाहन शहीद पथ होकर अहिमामऊ या कमता की तरफ नहीं जा सकेंगे।
ऑटो-ई-रिक्शा भी शहीद पथ से बाहर
– मैच के दिन शहीद पथ और उसकी सर्विस रोड पर ऑटो व ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे। अर्जुनगंज की तरफ से आने वाले ऑटो-ई-रिक्शा अहिमामऊ से मुड़कर पीएचक्यू, यूपी-112 और मातृत्व अस्पताल के पीछे ई-मार्ट तिराहे तक सवारी उतार सकेंगे। इसके बाद पीएचक्यू के सामने से जी-20 तिराहे होकर गोमतीनगर जाएंगे। सुल्तानपुर रोड से आने वाले ऑटो-ई-रिक्शा लूलू मॉल की तरफ जाकर सवारी उतारेंगे। अहिमामऊ के 500 मीटर दायरे में सवारी बैठाने या उतारने पर रोक रहेगी।
– ओला-उबर समेत किराये के वाहन भी हुसड़िया से सुशांत गोल्फ सिटी के बीच शहीद पथ पर सवारी नहीं बैठा या उतार सकेंगे। एयरपोर्ट की ओर से आने वाले वाहनों को अहिमामऊ से पहले ही सवारी उतारनी होगी।
पासधारकों और दर्शकों के लिए अलग पार्किंग
वाहन पास वाले दर्शक अहिमामऊ से एचसीएल की तरफ जाकर वाटर टैंक तिराहे और प्लासियो के रास्ते निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़ा करेंगे। बिना पास वाले निजी वाहन पहले प्लासियो मॉल की पार्किंग में जाएंगे। पार्किंग भरने के बाद वाटर टैंक तिराहे से एचसीएल के बीच पार्किंग कराई जाएगी। दोपहिया वाहनों की पार्किंग प्लासियो मॉल के पीछे होगी। पीएचक्यू और यूपी-112 मुख्यालय के पीछे अस्थायी पिक एंड ड्रॉप स्टैंड भी बनाया जाएगा। स्टेडियम या प्लासियो के सामने अवैध पार्किंग करने पर वाहन टो और क्लैंप किए जाएंगे। टिकट पर दिए क्यूआर कोड को स्कैन करने पर पार्किंग स्थल का मैप मिलेगा।
हार्ड कॉपी टिकट जरूरी, दोबारा प्रवेश नहीं
मैच के दिन स्टेडियम में टिकट बिक्री का कोई काउंटर नहीं होगा। ऑनलाइन टिकट लेने वालों को भी उसकी हार्ड कॉपी लेकर आना होगा। हार्ड कॉपी के बिना प्रवेश नहीं मिलेगा। मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले प्रवेश शुरू होगा और दूसरी पारी के मध्य तक ही प्रवेश दिया जाएगा। स्टेडियम से बाहर निकलने के बाद दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। बिना टिकट या ड्यूटी कार्ड के प्रवेश करने वालों पर कार्रवाई होगी। सिक्का, ईयरफोन और ज्वलनशील वस्तुओं समेत प्रतिबंधित सामान स्टेडियम में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
पीक ऑवर में यात्रा से बचने की अपील
डीसीपी यातायात रवीना त्यागी के मुताबिक मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। ट्रैफिक पुलिस ने दर्शकों से 6 से 8 बजे के पीक आवर से बचते हुए पहले या बाद में यात्रा करने की अपील की है। छह अक्टूबर को शहीद पथ पर दोपहर दो बजे से मैच खत्म होने और यातायात सामान्य होने तक दबाव रहने की संभावना है। भारी वाहनों की रात 11 बजे वाली सामान्य नो-एंट्री व्यवस्था भी मैच खत्म होने तक बढ़ाई जाएगी। यातायात संबंधी जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
