अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा एक्शन, तीन फरार आरोपियों की संपत्ति कुर्क; एक लाख का इनाम घोषित

# ## UP

मुजफ्फरनगर। हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने फरार आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। अदालत के आदेश पर रविवार को पुलिस ने मामले में वांछित तीन आरोपियों की संपत्ति कुर्क कर ली। पुलिस के इस एक्शन से हत्याकांड में शामिल फरार आरोपियों पर दबाव बढ़ गया है।

पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने बताया कि फरार आरोपी राहुल उर्फ भोलू शाहपुरी, आर्यन संधू और सत्यम कादियान की संपत्ति अदालत के आदेश के बाद कुर्क की गई है। तीनों पर पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है और उनकी तलाश लगातार जारी है।

जिम से निकलते ही बरसी थीं गोलियां

अंकित बालियान की 26 अगस्त 2026 की शाम शामली में जिम से निकलकर अपनी कार की ओर जाते समय अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।

मुठभेड़ में दो शूटर ढेर, एक गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को शामली में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दो शूटर मोहित और सुमित मारे गए थे। इसके बाद मामले में एक और आरोपी रोहित को 30 सितंबर को गिरफ्तार किया गया।

हालांकि, हत्याकांड से जुड़े कुछ आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। अब उनकी संपत्ति कुर्क किए जाने के बाद पुलिस की कार्रवाई और तेज होने की उम्मीद है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।