वरिष्ठजनों का अनुभव और आशीर्वाद समाज की सबसे बड़ी शक्ति : डॉ. राजेश्वर सिंह

Lucknow
  • अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर ‘सेकंड इनिंग्स सीनियर सिटिजंस क्लब’ के सम्मान समारोह में शामिल हुए डॉ. राजेश्वर सिंह, वरिष्ठजनों के सम्मान से लेकर साइबर सुरक्षा तक कई घोषणाएं
  • वरिष्ठजनों के सम्मान के साथ साइबर सुरक्षा पर भी जोर

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में ‘सेकंड इनिंग्स सीनियर सिटिजंस क्लब’ की ओर से विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। डॉ. राजेश्वर सिंह ने क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव, संघर्ष, संस्कार और आशीर्वाद समाज की अमूल्य पूंजी है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सक्रियता को सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

  • 8,500 से अधिक वरिष्ठजनों को कराया अयोध्या दर्शन, अब खाटू श्याम यात्रा

डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में सरोजनीनगर के 8,500 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को राम रथ के माध्यम से निःशुल्क अयोध्या दर्शन कराया गया। यात्रा के दौरान बस, भोजन और सुरक्षित वापसी की व्यवस्था भी की गई। अब श्याम रथ की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को खाटू श्याम जी के दर्शन का अवसर मिल रहा है। उन्होंने ‘सेकंड इनिंग्स’ से जुड़े इच्छुक वरिष्ठजनों के लिए भी धार्मिक यात्रा आयोजित करने की घोषणा की। वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने के लिए पुलिस विभाग के साइबर एक्सपर्ट्स के साथ विशेष साइबर अवेयरनेस सेशन आयोजित करने की घोषणा की गई। इसमें डिजिटल फ्रॉड, ओटीपी, पिन, ऑनलाइन बैंकिंग और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए जाएंगे। उन्होंने दिसंबर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए म्यूजिकल नाइट आयोजित करने तथा ‘सेकंड इनिंग्स’ के कार्यक्रमों के लिए प्रत्येक तीन महीने में ऑडिटोरियम उपलब्ध कराने की दिशा में सहयोग का आश्वासन दिया। डॉ. सिंह ने वरिष्ठजनों को भरोसा दिलाते हुए कहा—“वी आर विद यू। द एंटायर सिस्टम इज़ विद यू।”

  • विकास से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार तक सरोजनीनगर में बड़े बदलाव का दावा

डॉ. राजेश्वर सिंह ने सरोजनीनगर में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 5,756 विकास कार्य एवं परियोजनाएं पूर्ण, स्वीकृत अथवा प्रगतिशील हैं, जिनका कुल मूल्य लगभग 48,000 करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 2,000 से अधिक नई सड़कों का निर्माण एवं पुरानी सड़कों का जीर्णोद्धार कराया गया। शिक्षा के क्षेत्र में 70 स्कूलों में सीएसआर के सहयोग से डिजिटल लाइब्रेरी और स्मार्ट क्लास विकसित की गई हैं। उनके पिता स्वर्गीय रण बहादुर सिंह की स्मृति में स्थापित 18 ‘श्री रण बहादुर सिंह डिजिटल युवा सशक्तिकरण केंद्रों’ के माध्यम से कंप्यूटर, वर्ड, एक्सेल, टैली, वीडियो एडिटिंग और एआई जैसे पाठ्यक्रमों का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण के लिए ‘मां तारा जी’ की स्मृति में संचालित ‘तारा शक्ति सिलाई केंद्रों’ के माध्यम से महिलाओं को सिलाई और स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है तथा सीएसआर सहयोग से 2,500 से अधिक सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। स्वास्थ्य एवं खेल के क्षेत्र में 150 से अधिक पार्कों में ओपन जिम और सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग के माध्यम से 10,000 से अधिक बच्चों को खेल गतिविधियों से जोड़ने की जानकारी दी गई। उन्होंने सरोजनीनगर में स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा, औद्योगिक निवेश और बुनियादी ढांचे से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन और राजनीति का आधार जाति नहीं, बल्कि विकास और सेवा होना चाहिए। कार्यक्रम में बीबीएयू के कुलपति प्रो. डॉ. राज कुमार मित्तल, डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. अमर पाल सिंह, अपोलो हॉस्पिटल के प्रो. डॉ. अमित गुप्ता, बीबीएयू के रजिस्ट्रार डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, इंडियन बैंक के सीजीएम सुधीर गुप्ता, सेंटर फॉर स्टडी ऑफ सोशल इन्क्लूजन की निदेशक प्रो. डॉ. जया श्रीवास्तव, सेकंड इनिंग्स सीनियर सिटिजंस क्लब के संस्थापक सीए अतुल दुबे, अतुल टंडन, नीरा दुबे, भाजपा के वरिष्ठ नेता शंकरी सिंह, लूलू मॉल लखनऊ के रीजनल डायरेक्टर जयकुमार गंगाधरन, डीसीबी बैंक की आरएम बबिता मल्होत्रा, डॉ. मयंक अग्रवाल, पार्षद प्रतिनिधि कमलेश सिंह एवं डॉ. क्षितिज श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।