जम्मू-कश्मीर : सीआईएसएफ कैंप में आपसी हिंसा में चार जवानों की मौत, हेड कॉन्स्टेबल गिरफ्तार

# ## National

जम्मू : जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोहली क्षेत्र में मंगलवार शाम आपसी गोलीबारी की एक घटना में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक असिस्टेंट कमांडेंट और सब-इंस्पेक्टर समेत चार जवान की मौत हो गयी।

अधिकारियों ने बताया कि आज शाम बसोहली के मश्का में सेवा परियोजना के पास स्थित सीआईएसएफ शिविर में गोलीबारी की घटना दर्ज की गयी। ये जवान परियोजना की सुरक्षा में तैनात थे।उन्होंने बताया, “प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, सीआईएसएफ कर्मियों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हो गयी।” उन्होंने बताया कि असिस्टेंट कमांडेंट, सब-इंस्पेक्टर और दो जवानों सहित चार सीआईएसएफ कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गये थे। उन्हें पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश के एनएचपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडेय, सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कॉन्स्टेबल रफीक अहमद और कॉन्स्टेबल संदीप कुमार के रूप में हुई है। कठुआ जिले की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा ने इस घटना की पुष्टि की है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी हेड कॉन्स्टेबल अभिदेश कुमार ने अपने कुछ सहयोगियों के साथ बहस के बाद अपनी सर्विस राइफल से अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी थी। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी सर्विस राइफल भी जब्त कर ली गयी है।