लखनऊ। सरोजनी नगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना से शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सतीश महाना से प्रत्येक मुलाकात अनुभव, सीख और प्रेरणा से परिपूर्ण होती है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1991 से महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र का लगातार आठ बार प्रतिनिधित्व करना तथा वर्ष 2022 में विधानसभा अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होना उनके प्रति सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों के विश्वास और सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि सतीश महाना के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विधानसभा ने नेवा (राष्ट्रीय ई-विधान अनुप्रयोग) जैसी डिजिटल व्यवस्था को अपनाकर संसदीय कार्यप्रणाली को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और प्रभावी बनाया है। साथ ही उनके मार्गदर्शन में विधानसभा ने लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय गरिमा को नई ऊँचाइयाँ प्रदान की हैं।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सतीश महाना की सबसे बड़ी विशेषता उनकी निष्पक्ष कार्यशैली तथा प्रत्येक सदस्य को सम्मानपूर्वक अपनी बात रखने का समान अवसर देना है। यही स्वस्थ लोकतंत्र की वास्तविक पहचान है।
उन्होंने सतीश महाना के स्नेह, मार्गदर्शन और प्रेरणा के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका अनुभव, संतुलित नेतृत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण सभी जनप्रतिनिधियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
