Amarnath Yatra 2026: दो दिन बाद अमरनाथ यात्रा शुरु, कड़ी सुरक्षा के बीच पवित्र गुफा के लिए रवाना हुए श्रद्धालु

# ## National

जम्मू। लगातार दो दिनों तक भारी बारिश के कारण बंद रहने के बाद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया है। इसके साथ ही अमरनाथ यात्रा भी फिर से शुरू हो गई। रविवार तड़के 3,886 श्रद्धालुओं का नया जत्था कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से पवित्र गुफा के लिए रवाना हुआ।

177 वाहनों के काफिले में निकले श्रद्धालु

अधिकारियों के अनुसार, यात्रा का 25वां जत्था रविवार सुबह 2:52 बजे भगवती नगर आधार शिविर से 177 वाहनों के काफिले में रवाना हुआ। यह जत्था मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले स्थित बालटाल आधार शिविर की ओर गया।

4.50 लाख से ज्यादा श्रद्धालु कर चुके दर्शन

3 जुलाई से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा में अब तक 4.50 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। इस वर्ष 57 दिनों तक चलने वाली यात्रा 28 अगस्त को संपन्न होगी।

बारिश से हाईवे को हुआ था भारी नुकसान

लगातार बारिश के चलते उधमपुर और रामबन जिलों में कई स्थानों पर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को नुकसान पहुंचा था। विशेष रूप से उधमपुर के समरोली क्षेत्र में देवाल पुल के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने से बड़े पैमाने पर मरम्मत कार्य करना पड़ा। इसी कारण शनिवार को जम्मू से अमरनाथ यात्रा को एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया था।

फिलहाल एक लेन पर बहाल हुआ यातायात

प्रशासन ने बताया कि मरम्मत कार्य जारी है, लेकिन फिलहाल राजमार्ग को एक लेन के लिए खोल दिया गया है, जिससे अमरनाथ यात्रा के वाहनों की आवाजाही फिर शुरू हो गई है। रविवार सुबह से हल्के वाहनों को भी हाईवे पर चलने की अनुमति दे दी गई।

यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी

यातायात पुलिस ने खराब मौसम की आशंका को देखते हुए यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग की ताजा यातायात स्थिति की जानकारी जरूर लें। साथ ही, अगले कुछ दिनों तक भारी वाहनों की आवाजाही एक-एक दिन छोड़कर संचालित की जाएगी। उधमपुर-रियासी रेंज के डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने समरोली स्थित देवाल पुल का निरीक्षण कर मलबा हटाने और सड़क बहाली कार्य का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द यातायात पूरी तरह बहाल करने और राहत कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।