बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य की गाड़ी का एक्सीडेंट, आमने-सामने की टक्कर में विधायक और बैंककर्मी घायल

# ## Bareilly Zone

बदायूं के बिसौली से विधायक आशुतोष मौर्य का एक्सीडेंट हो गया। उनकी कार सामने से आ रही दूसरी कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों के एयरबैग खुल गए। हादसे में विधायक आशुतोष मौर्य, ड्राईवर मुकेश यादव, गनर घायल हो गए। दूसरी गाड़ी में सवार जिला सहकारी बैंक के कैशियर अरविंद कुमार मिश्रा को गंभीर चोटें आई हैं। उनके परिजन उन्हें हायर सेंटर लेकर गए हैं। गनीमत रही कि दोनों गाड़ियों के एयरबैग खुल जाने से बाकी लोगों को गंभीर चोटें नहीं आईं।

दुर्घटना वजीरगंज थाना क्षेत्र के बनकोटा के पास है। गंगा एक्सप्रेसवे के भी निकट है। विधायक बगरैन गांव में एक धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए क्षेत्र में निकले थे। यहां उनकी गाड़ी दुर्घटना का शिकार हो गई।

आमने-सामने की टक्कर में दोनों गाड़ियों में सवार लोगों के आंखें तले अंधेरा छा गया। गाड़ियों के एयरबैग खुलने से बड़ा नुकसान टल गया। दोनों गाड़ियों में सवार लोगों को चोटें आई हैं। विधायक और उनके साथियों के अलावा दूसरी गाड़ी में सवार लोगों को भी मामूली चोटें हैं। लेकिन एक बैंककर्मी अरविंद कुमार मिश्रा गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

दुर्घटना के बाद घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर भेज दिया। उधर, विधायक की गाड़ी का एक्सीडेंट होने की खबर लगते ही उनके परिजन और समर्थक बेचैन हो गए। वहीं, बैंककर्मियों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

बैंक कैशियर घायल  
दूसरी गाड़ी में अरविंद कुमार मिश्रा के साथ करीब चार लोग सवार थे। अरविंद कुमार मिश्रा, आसफपुर स्थित जिला सहकारी बैंक में कैशियर हैं। गाड़ी सवार अन्य साथी भी कैशियर ही हैं।इसमें बिसौली में तैनात कैशियर शिव कुमार मौर्य, सहसवान में तैनात कैशियर धर्मेंद कुमार सिंह और राहुल कुमार बदायूं में गुरु पूजन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में हादसा हो गया। अरविंद कुमार मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी के बाद परिजन चंदौसी ले गए हैं।