अयोध्या, : राममंदिर में दान से जुड़े गबन और वित्तीय अनियमितताओं के मामले में गठित एसआईटी टीम सोमवार को अयोध्या पहुंची। सबसे पहले मंदिर ट्रस्ट से जुड़े दस्तावेजों, दानपात्रों से प्राप्त राशि के लेखा-जोखा, बैंकिंग लेनदेन और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की जांच शुरू की।श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की सिफारिश पर प्रदेश सरकार ने स्पेशल जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है। इसमें मंडलायुक्त लखनऊ विजय विश्वास पंत, आईजी रेंज किरन एस, विशेष सचिव (वित्त) नील रतन शामिल हैं। यह टीम सोमवार दोपहर 2:53 मिनट पर एक सफेद व एक काली गाड़ी से अयोध्या पहुंची। दोनों गाड़ियों ने राममंदिर परिसर के गेट नंबर-11 जगदगुरु आद्व शंकराचार्य द्वार से अंदर प्रवेश किया।
इसके बाद मंडलायुक्त राजेश कुमार, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर भी मंदिर परिसर पहुंचे। टीम ने सबसे पहले रामलला का दर्शन-पूजन किया व वहां मौजूद पुजारी से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर मंदिर की व्यवस्था की जानकारी ली।
ट्रस्ट से जुड़े दस्तावेजों को देखा, दानपात्रों से प्राप्त राशि का लेखा-जोखा तलब किया। इसके बाद जांच टीम रिकॉर्ड रूम पहुंची, जहां दान प्राप्त धनराशि की गिनती करने की प्रक्रिया को देखते हुए, स्टोर रूम में लगे कैमरे के फुटेज को भी खंगाला।
