भारत को सीरीज बराबर करने के लिए इन पांच खिलाड़ियों से रहना होगा सतर्क

Game

कैरेबियाई टीम ने चेन्नई में खेले गए पहले मुकाबले में टीम इंडिया को आठ विकेट से हराकर तीन मैचों की वन-डे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अब दोनों टीमों के बीच दूसरा वन-डे बुधवार को विशाखापट्नम में खेला जाएगा। इस मैच में अगर टीम इंडिया को जीत दर्ज करनी है तो वेस्टइंडीज के इन पांच खिलाड़ियों से सतर्क रहने की दरकार है।
शिमरोन हेटमायरः
शिमरोन हेटमायर वेस्टइंडीज के सबसे खतरनाक खिलाड़ी माने जाते हैं। पहले वन-डे में 139 रन की शानदार शतकीय पारी खेलने वाले हेटमायर से टीम इंडिया को सतर्क रहने की दरकार है। हेटमायर के पास एक विकेट पर टिके रहने की क्षमता है और वह टीम को एक मजबूत साझेदारी दिला सकते हैं। यह कैरेबियाई बल्लेबाज ताबड़तोड़ शॉट लगाने में भी माहिर हैं। पहले मैच में इन्होंने चौके-छक्के की बरसात कर दी थी। चेन्नई में हेटमायर ने 11 चौके और सात छक्के बरसाए थे।
शाई होपः
शाई होप भी वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज हैं। पहले वन-डे में होप ने धीमी पारी जरूर खेली थी, लेकिन उन्होंने 102 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली। इसके लिए उन्होंने 151 गेंदों का सामना किया था। होप और हेयमायर दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 218 रन की साझेदारी की थई, जो विंडीज की तरफ से दूसरी बड़ी साझेदारी थी।
किरोन पोलार्डः
कैरिबियाई कप्तान किरोन पोलार्ड के पास पूरी क्षमता है कि वो किसी भी वक्त मैच का रुख पलट सकते हैं। पोलार्ड बड़े-बड़े शॉट के लिए जाने जाते हैं। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में इनकी पकड़ काफी मजबूत है।
अल्जारी जोसेफः
टीम इंडिया को कैरेबियाई तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ से भी बचकर रहना होगा। पहले वन-डे में दाएं हाथ के इस गेंदबाज ने हिटमैन रोहित शर्मा और 70 रन की शानदार पारी खेलने वाले श्रेयस अय्यर को अपना शिकार बनाया था।
शेल्डन कॉटरेलः
भारतीय कप्तान विराट कोहली और सलामी बल्लेबाज केएल राहुल का विकेट चटकाने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शेल्डन कॉटरेल से भी टीम इंडिया को सावधान रहने की आवश्यकता है। कॉटरेल ने पहले वन-डे में विराट को केवल चार और राहुल को छह रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा था।