मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ पुलिस में तैनात पुलिस जवान द्वारा लोगों झासा देकर ठगी का मामला प्रकाश में आया है। मऊ में तैनात सिपाही गजेंद्र यादव पर लोगों को धोखा देकर पैसे ठगने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि गजेंद्र यादव मूल रूप से इटावा जिले का रहने वाला है। मऊ में तैनाती से पहले उसके खिलाफ हाथरस और फिरोजाबाद में भी मुकदमे दर्ज थे। इसके बावजूद वह पुलिस विभाग में रहते हुए लोगों को झांसा देकर ठगी का काम करता रहा।
एएसपी के अनुसार आरोपी कभी ट्रांसफर कराने के नाम पर तो कभी सरकारी काम करवाने का झांसा देकर लोगों से पैसे वसूलता था। जनपद मऊ में भी उसके खिलाफ कई शिकायतें मिलीं, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए कोपागंज समेत विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज किए गए। वर्तमान में मऊ में उसके खिलाफ कुल चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस जांच में दर्जनों ऐसे लोग सामने आए हैं, जिनसे आरोपी सिपाही ने ठगी की थी। शुरुआती जांच में लाखों रुपये की ठगी की बात सामने आई है।
एएसपी ने कहा कि गजेंद्र यादव आरक्षी के वेश में एक पेशेवर अपराधी की तरह काम कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। एएसपी ने स्पष्ट कहा कि आरोपी सिपाही को हर हाल में बर्खास्त किया जाएगा और उसके पूरे आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
