Bareilly : कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच निपटी पुलिस भर्ती परीक्षा

# ## Bareilly Zone

आरक्षी भर्ती परीक्षा तीसरे और अंतिम दिन बुधवार को कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। 19 परीक्षा केंद्रों पर तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट केंद्रों का जायजा लेते रहे। सघन चेकिंग व बायोमेट्रिक हो जाने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में जाने दिया जा रहा था। अभ्यर्थियों ने बताया कि मैथ्स को छोड़ कर सामान्य ज्ञान और हिंदी के प्रश्न पत्र तैयारियों के अनुकूल आए थे। रीजनिंग भी सामान्य थी, कुल मिलाकर पेपर बैलेंस रहा। परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने बरेली कॉलेज के मुख्य द्वार के आसपास स्थित फोटोस्टेट और जनसेवा केंद्रों की दुकानें सुबह करीब साढ़े आठ बजे बंद करा दीं। दुकानदारों को परीक्षा समाप्त होने के बाद ही दुकानें खोलने की अनुमति दी गई।

परीक्षा खत्म होते ही शहर में लगा जाम
दोनों पालियों की परीक्षा समाप्त होने के बाद बरेली कॉलेज, नॉवल्टी चौराहा, चौकी चौराहा, पटेल चौक, पुराना बस अड्डा और श्यामगंज समेत कई प्रमुख मार्गों पर भारी जाम लग गया। यातायात व्यवस्था सुचारु करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के एक साथ निकलने से रोडवेज बसें भी कम पड़ गईं। इसका फायदा उठाकर कुछ डग्गामार वाहन चालकों ने यात्रियों से मनमाना किराया वसूला।