मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार को शुरुआती कारोबार में बढ़त दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स 303.73 अंक चढ़कर 74,222.49 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 85.40 अंक की बढ़त के साथ 23,327.50 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, कोटक महिंद्रा बैंक, एशियन पेंट्स और ट्रेंट के शेयर सबसे अधिक बढ़त में रहे। वहीं टाटा स्टील, इटर्नल लिमिटेड, अदाणी पोर्ट्स और टेक महिंद्रा के शेयर में गिरावट दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव करीब 91.90 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 4,566.03 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। सेंसेक्स मंगलवार को 394.50 अंक और निफ्टी 119.10 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ था।
15 पैसे टूटकर 95.56 प्रति डॉलर पर आया रुपया
पश्चिम एशिया संकट बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 15 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.56 पर आ गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.52 प्रति डॉलर पर खुला। इसके बाद गिरावट के साथ शुरुआती कारोबार में 95.56 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 15 पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया मंगलवार को 20 पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.41 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.94 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 303.73 अंक चढ़कर 74,222.49 अंक पर जबकि निफ्टी 85.40 अंक की बढ़त के साथ 23,327.50 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.73 प्रतिशत की बढ़त के साथ 92.12 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 4,566.03 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
