त्रिनिदाद और टोबैगो में गूंजा भारतीय शास्त्रीय संगीत — तबला वादक डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने बढ़ाया भारत का मान

# ## International

भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के 8-9 मई 2026 को त्रिनिदाद और टोबैगो के आधिकारिक दौरे के दौरान भारतीय संस्कृति और संगीत की विशेष छटा देखने को मिली। इस ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय शास्त्रीय संगीत के प्रतिष्ठित तबला वादक डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से सभी अतिथियों और गणमान्यजनों का मन मोह लिया।

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला परसाद बिसेस्सर, हाई कमिश्नर ऑफ इंडिया, पोर्ट ऑफ स्पेन डॉ. प्रदीप सिंह राजपुरोहित तथा कई कैबिनेट मंत्रियों एवं विशिष्ट अतिथियों के साथ पोर्ट ऑफ स्पेन स्थित नेल्सन आइलैंड का दौरा किया। यह वही ऐतिहासिक स्थान है जहां वर्ष 1845 में प्रथम भारतीय गिरमिटिया श्रमिकों का आगमन हुआ था। इस अवसर पर स्मारक पट्टिका का अनावरण भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय एवं त्रिनिदाद और टोबैगो समुदाय के कलाकारों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इसी क्रम में तबला वादक डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने भारतीय शास्त्रीय संगीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित अतिथियों एवं स्थानीय भारतीय समुदाय ने अत्यंत सराहा।

डॉ. श्रीकांत शुक्ला पिछले चार महीनों से पोर्ट ऑफ स्पेन में भारतीय शास्त्रीय संगीत, विशेष रूप से तबला वादन, के माध्यम से भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार में सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं। उनकी संगीत साधना भारतीय सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिला रही है।

अपने अनुभव साझा करते हुए डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने कहा कि त्रिनिदाद और टोबैगो की धरती पर भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मिलना उनके लिए अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय रहा। उन्होंने कहा कि भारतीय संगीत विश्वभर में भारतीय संस्कृति की आत्मा को जोड़ने का कार्य कर रहा है तथा कैरेबियाई देशों में भारतीय संस्कृति के प्रति लोगों का स्नेह अत्यंत प्रेरणादायक है।

डॉ. श्रीकांत शुक्ला की तबला प्रस्तुति ने कार्यक्रम में भारतीय सांस्कृतिक विरासत की गरिमा को और अधिक ऊंचाई प्रदान की तथा भारत और त्रिनिदाद एवं टोबैगो के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।