‘नो टोबैको प्लेज’ अभियान में देश में नंबर वन यूपी, ऑनलाइन शपथ अभियान में यूपी दूसरे साल शीर्ष पर

# ## UP

तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और युवाओं को इसके सेवन से दूर रखने के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के अंतर्गत उत्तर प्रदेश ने एक बार फिर देश में पहला स्थान हासिल किया है। केंद्र सरकार के टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 3.0 के तहत आयोजित ऑनलाइन ‘नो टोबैको प्लेज’ अभियान में वर्ष 2025-26 के दौरान उत्तर प्रदेश ने सबसे अधिक भागीदारी दर्ज कर देश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।इस अभियान में हरियाणा दूसरे, राजस्थान तीसरे और दिल्ली चौथे स्थान पर रहे। उत्तर प्रदेश की यह उपलब्धि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देशों में चलाए जा रहे व्यापक जनजागरूकता अभियान और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश ने इससे पहले वर्ष 2024-25 में आयोजित टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 2.0 के दौरान भी ऑनलाइन ‘नो टोबैको प्लेज’ में देश में पहला स्थान प्राप्त किया था। लगातार दूसरे वर्ष यह सफलता राज्य के युवाओं, स्कूलों, स्वास्थ्य विभाग और तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की टीम के संयुक्त प्रयासों से संभव हुई है। टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 3.0 की शुरुआत 9 अक्टूबर 2025 को हुई थी। यह अभियान शिक्षा मंत्रालय और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के संयुक्त प्रयास से संचालित किया गया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू के हानिकारक प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें तंबाकू का उपयोग न करने की शपथ लेने के लिए प्रेरित करना और तंबाकू मुक्त पीढ़ी का निर्माण करना है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार तंबाकू की लत से मुक्ति दिलाने के लिए परामर्श और सहायता सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं। तंबाकू मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में उत्तर प्रदेश की यह उपलब्धि महत्वपूर्ण मानी जा रही है।