CM योगी का ‘मिशन जापान’: टोक्यो रोड शो में UP को बनाया ग्लोबल निवेश हब, जापानी कंपनियों को दिया ओपन इनविटेशन

# ## International

लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान की कंपनियों को राज्य में निवेश करने के लिए बुधवार को आमंत्रित किया। राज्य सरकार की ओर से लखनऊ में जारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने जापान की राजधानी तोक्यो में ‘उत्तर प्रदेश निवेश रोड शो’ को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य, भारत की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। इसने पिछले नौ वर्ष में अपने सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) और प्रति व्यक्ति आय को तीन गुना किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पिछले नौ वर्ष में एक्सप्रेसवे और हवाई अड्डे बना बुनियादी ढांचे को अभूतपूर्व गति दी गई। बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने जापानी कंपनियों को उत्तर प्रदेश में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया। आदित्यनाथ ने कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश की देश की खेती योग्य भूमि में केवल 11 प्रतिशत हिस्सेदारी होने के बावजूद भारत के खाद्यान्न उत्पादन में 21 प्रतिशत का योगदान देता है।

इसे भारत की ‘फूड बास्केट’ होने का गौरव प्राप्त हुआ है। योगी आदित्यनाथ ने खाद्य प्रसंस्करण, भंडारण एवं लॉजिस्टिक में व्याप्त अवसरों का उल्लेख किया और जापानी कंपनियों को खेत से बाजार तक मूल्य संवर्धन का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के व्यापक जल संसाधनों का भी जिक्र किया और कहा कि ‘मीठे पानी’ के भंडार खेती के साथ-साथ हरित हाइड्रोजन और ‘पंप स्टोरेज’ परियोजना जैसे उभरते क्षेत्रों को भी मदद कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की 56 प्रतिशत आबादी काम करने वाले लोगों की है। इसलिए यह राज्य सभी क्षेत्र में कार्य कुशल और किफायती श्रम शक्ति से युक्त भी है। एक्सप्रेसवे के किनारे 27 औद्योगिक पार्क बनाए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने जापान के कारोबारियों को निजी औद्योगिक पार्क परियोजनाओं में योगदान देने के लिए आमंत्रित किया।