राजधानी लखनऊ के शांत माने जाने वाले इलाके वृंदावन कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की वारदात ने लोगों को दहला दिया। मामले में कार्रवाई करते हुए पीजीआई पुलिस और आरोपी के बीच गुरुवार देर रात मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया, जिसे पुलिस ने पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना मंगलवार सुबह की है। सेक्टर-11 बी स्थित घर के बाहर बैठी रीता झा, जो स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की एसजीपीजीआई शाखा में तैनात प्रबंधक प्रवीण झा की पत्नी हैं, अचानक स्नैचर का शिकार हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक युवक बाइक से पहुंचा और पहले दो बार कमरा पूछने के बहाने इलाके की रेकी करता रहा।
तीसरी बार उसने मौका पाकर रीता के गले से सोने की चेन झपट ली। रीता ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी की जैकेट पकड़ ली, लेकिन उसने बाइक की रफ्तार तेज कर दी। इससे वह सड़क पर गिर पड़ीं और उनके बाएं पैर में चोट आई। दर्द के बावजूद उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सतर्क किया।
रीता ने बताया कि चेन में सोने का श्रीकृष्ण और गाय का लॉकेट लगा था, जो उनके लिए भावनात्मक रूप से बेहद अहम था।
घटना की सूचना मिलते ही पीजीआई पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कई टीमें गठित कीं। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और स्थानीय इनपुट के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। गुरुवार देर रात घेराबंदी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद मुठभेड़ हो गई।
पुलिस का दावा है कि आरोपी के पास से लूटी गई चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली गई है। फिलहाल आरोपी का इलाज जारी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इलाके में घटना के बाद से दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
