कई इलाकों में बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं लोग;पिछले 8 साल से सड़क जर्जर हालत में

# ## Lucknow
राजधानी में जहां एक ओर विकास के दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में बुनियादी सुविधाओं के लिए लोग तरस रहे हैं। ताजा मामला लखनऊ नगर निगम के इस्माइलगंज द्वितीय वार्ड स्थित कल्याणी विहार कॉलोनी का है, जहां नाराज और परेशान जनता ने आखिरकार खुद ही सड़क बनवाने का बीड़ा उठा लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले 8 साल से सड़क जर्जर हालत में थी। बरसात में पूरा इलाका कीचड़ और जलभराव से भर जाता था। प्रशांत पब्लिक स्कूल के बगल में नाला टूटा पड़ा था, जिससे गंदा पानी सड़क पर बहता रहता था। कई बार नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला।
कॉलोनी निवासी एसपी मिश्रा ने बताया कि उन्होंने कई बार अधिकारियों से मुलाकात की, लिखित शिकायतें दीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। “आखिरकार हम लोगों ने तय किया कि अब इंतजार नहीं करेंगे। मोहल्ले के लोगों ने मिलकर चंदा इकट्ठा किया और सड़क निर्माण का काम शुरू करा दिया,” उन्होंने कहा।
स्थानीय लोगों ने न केवल सड़क निर्माण शुरू कराया, बल्कि टूटे नाले के निर्माण का काम भी अपने स्तर से शुरू करवा दिया है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि यह कदम मजबूरी में उठाना पड़ा, क्योंकि सरकारी तंत्र से उन्हें लगातार निराशा ही मिली।
अब सवाल यह उठ रहा है कि जब जनता खुद ही विकास कार्य कराने को मजबूर हो जाए, तो जिम्मेदार विभागों की भूमिका क्या रह जाती है? फिलहाल कल्याणी विहार के लोगों ने एक मिसाल पेश की है कि एकजुट होकर समस्या का समाधान निकाला जा सकता है, लेकिन यह भी उतना ही बड़ा सवाल है कि आखिर 8 साल तक उनकी सुनवाई क्यों नहीं हुई।