डाकघरों में अब शाम को भी बनवाएं आधार कार्ड, यहां शुरू हुईं दो शिफ्टों में सेवाएं

# ## Lucknow

डाक विभाग ने अब शहर के कई डाक घरों में देर शाम तक नए आधार कार्ड बनाने और आधार कार्ड में संशोधन का कार्य शुरू करा दिया है। राजेंद्र नगर, गोमती नगर, इंदिरा नगर, निराला नगर, आवास विकास कॉलोनी, आलमबाग, अलीगंज उपडाकघर में सुबह 8 से शाम 6 बजे तक और जीपीओ के अलावा आरएमएस, चारबाग में सुबह 8 से रात 8 बजे तक नए आधार कार्ड बनवाए और पुराने आधार कार्ड की गलतियों में सुधार कराया जा सकता है।

पोस्टमास्टर जनरल सुनील कुमार राय ने बताया कि लखनऊ मुख्यालय परिक्षेत्र के 156 चिन्हित डाकघरों में आधार पंजीकरण और संशोधन का कार्य किया जा रहा है। नया आधार कार्ड के लिए पंजीकरण निशुल्क है। किंतु डेमोग्राफिक अपडेट, बायोमैट्रिक अपडेट और दस्तावेज अद्यतन पर निर्धारित शुल्क लिया जाता है। बच्चों का नया आधार कार्ड बनवाने के लिए जन्म प्रमाण पत्र, माता या पिता का आधार कार्ड होना अनिवार्य है। आधार कार्ड में किसी भी प्रकार का संशोधन कराने के लिए फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा।

पोस्टमास्टर जनरल सुनील कुमार राय ने बताया कि लखनऊ के अलावा बाराबंकी, सीतापुर, रायबरेली, अयोध्या समेत सात मुख्य डाकघरों और आठ उपडाकघरों में आधार सेवा केंद्र दो शिफ्टों में संचालित किए जा रहे हैं। सभी मंडलों में ग्राम पंचायतों, ब्लॉकों और प्राथमिक विद्यालयों में विशेष आधार कैंप लगाए जा रहे हैं। 31 मार्च तक कुल 45 कैंप आयोजित किए जाएंगे। विभागीय आंकड़ों के अनुसार 1 अप्रैल 2025 से 31 जनवरी 2026 तक 7,33,962 नए पंजीकरण और अपडेट किए जा चुके हैं।