- लखनऊ में गूंजा भक्ति का स्वर, ‘श्याम शरण में आजा रे’ की शूटिंग ने जगाई सनातन की आस्था
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में इन दिनों खरी कसौटी प्रोडक्शन हाउस की नई फिल्म ‘श्याम शरण में आजा रे’ की शूटिंग उत्साहपूर्ण माहौल में जारी है। फिल्म के सेट पर गायत्री परिवार ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी उमानंद शर्मा एवं देवेन्द्र सिंह पहुंचे और पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए फिल्म की सफलता की कामना की।
यह फिल्म आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित बताई जा रही है, जिसमें सनातन परंपरा, भक्ति और भारतीय संस्कारों को प्रमुखता से दर्शाया जाएगा। फिल्म के निर्माता के.सी. विश्नोई, सह-निर्माता सरोज त्रिवेदी तथा लेखक-निर्देशक संदीप सिंह हैं। फिल्म में हीरो बबलू चक्रवर्ती और हिरोइन संजना मिश्रा मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। इसके साथ ही मुंबई के कलाकार शिव मिश्रा सहित अन्य कलाकार भी शूटिंग में मौजूद रहे।
उमानंद शर्मा ने कहा कि भारतीय सिनेमा समाज को दिशा देने का सशक्त माध्यम है। यदि फिल्मों के माध्यम से सनातन संस्कृति, भक्ति और नैतिक मूल्यों को प्रस्तुत किया जाए तो नई पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ती है। उन्होंने कहा कि ‘श्याम शरण में आजा रे’ जैसी फिल्में आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने का कार्य करेंगी और समाज में सकारात्मक संदेश देंगी।
फिल्म के निर्माता के.सी. विश्नोई ने बताया कि यह फिल्म केवल मनोरंजन नहीं बल्कि सनातन संस्कृति की भावनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कहानी में भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, आस्था और जीवन मूल्यों को आधुनिक परिवेश के साथ प्रस्तुत किया गया है, ताकि दर्शक आध्यात्मिकता से जुड़ते हुए प्रेरणा प्राप्त कर सकें।
फिल्म की शूटिंग लखनऊ के विभिन्न लोकेशनों पर की जा रही है और पूरी टीम को उम्मीद है कि यह फिल्म दर्शकों के बीच भक्ति और भारतीय संस्कृति का सशक्त संदेश लेकर आएगी।
महाप्रबंधक संजय सिंह श्रीवास्तव, प्रबंधकअनिल कुमार त्रिपाठी,शिव दुर्गेश त्रिवेदी,वरिष्ठ पत्रकार डॉ.अजय शुक्ला और ब्रजेश कुमार मिश्रा समेत अनेक पत्रकार एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
