- महाशिवरात्रि पर गोपालपुरी में भक्ति और सेवा का भव्य संगम
महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर गोपेश्वर सेवा समिति ट्रस्ट द्वारा गोपेश्वर मंदिर, गोपालपुरी में भव्य धार्मिक आयोजन एवं विशाल भंडारे का सफल आयोजन किया गया। मंदिर परिसर दिनभर श्रद्धालुओं से भरा रहा और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

- सुबह से संभाली गई व्यवस्थाएं, श्रद्धालुओं को मिली सुविधा
सुबह से ही समिति के सदस्य मंदिर परिसर की साफ-सफाई, दर्शन व्यवस्था और पूजन की तैयारियों में जुट गए। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए कतार व्यवस्था, पूजन सामग्री और प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई। स्वयंसेवकों ने सेवा भाव के साथ अपनी-अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।
- सामूहिक सेवा का बना प्रेरणादायक उदाहरण
किसी ने बेलपत्र और फूलों को व्यवस्थित किया तो कोई सफाई कार्य में लगा रहा। कई सदस्य श्रद्धालुओं की लाइन व्यवस्थित कराने में जुटे रहे, वहीं चढ़ावे में आए फलों को प्रसाद के रूप में वितरित करने की अलग व्यवस्था की गई। आयोजन में टीमवर्क और समर्पण स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
- दोपहर से देर शाम तक चला विशाल भंडारा
दोपहर 1:30 बजे से प्रारंभ हुआ भंडारा बिना किसी व्यवधान के देर शाम तक चलता रहा। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में संजय गुप्ता, संतोष, निखिल पाल, सुनील सिंह, नवनीत श्रीवास्तव, विजय गुप्ता, विनोद, धीरज पाल, सुनील सिन्हा, विवेक खरे, मनीष बाजपेई, शैलेन्द्र श्रीवास्तव, रुद्रेश तिवारी, प्रदीप चौरसिया सहित समिति के अध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव सक्रिय रहे।
- महिलाओं की सहभागिता और भजन-कीर्तन से सजा माहौल
आयोजन में क्षेत्र की महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रेनू, कोपल, प्रीति, रंजू और नीलम सहित महिलाओं ने शिव बारात पर भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। फागुन माह की उमंग के बीच फूलों की होली खेली गई, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय हो उठा।
- आस्था, सेवा और सामाजिक एकता का बना उदाहरण
ट्रस्ट के सदस्यों के कड़े परिश्रम और सामूहिक प्रयासों के फलस्वरूप महाशिवरात्रि पर्व भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सेवा भावना का संदेश भी दिया।
