उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं के शुरू होने में अब लगभग दस दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में छात्रों का तनावग्रस्त होना स्वाभाविक है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि सही रणनीति और अनुशासित दिनचर्या अपनाकर छात्र तनावमुक्त रहते हुए बेहतर परिणाम हासिल कर सकते हैं। इस समय परीक्षार्थियों को पूरे पाठ्यक्रम की बजाय महत्वपूर्ण अध्यायों और अधिक वेटेज वाले प्रश्नों पर विशेष ध्यान देना चाहिए और अधिक से अधिक रिवीजन करना चाहिए।
मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार के अनुसार परीक्षार्थियों को शेष दिनों के अनुसार सभी विषयों के लिए समय तय कर लेना चाहिए। गणित और विज्ञान के सूत्रों व समीकरणों को चार्ट पेपर पर लिखकर अध्ययन कक्ष में लगाने से उन्हें याद रखने में मदद मिलती है। विषयों को रटने के बजाय समझकर अपने शब्दों में लिखने का अभ्यास करें। पिछले पांच वर्षों के प्रश्नपत्रों का अध्ययन कर महत्वपूर्ण प्रश्नों को चिन्हित कर रिवीजन करें।
उन्होंने बताया कि यूपीएमएसपी पोर्टल पर उपलब्ध मॉडल पेपर और ब्लूप्रिंट अवश्य देखें। भौतिक विज्ञान में मात्रक लिखना न भूलें और रसायन विज्ञान में उत्तर रासायनिक समीकरण के साथ प्रस्तुत करें। लखनऊ विश्वविद्यालय के योग विभाग के डॉ. अमरजीत यादव ने कहा कि प्रतिदिन 15–20 मिनट ध्यान और हल्के योग से तनाव कम होता है और एकाग्रता बढ़ती है। परीक्षा के दौरान सात्विक आहार और संतुलित दिनचर्या भी बेहद जरूरी है।
