कृष्णानगर इलाके में रविवार देर रात दबंगों ने एक वकील का अपहरण कर उसे बेरहमी से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। आरोपियों ने उसे मरा समझकर रेलवे ट्रैक के किनारे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ अपहरण और लूट समेत गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
रेलवे फाटक पर शुरू हुआ विवाद
कृष्णानगर के विजय नगर निवासी दुर्गेश प्रजापति पेशे से वकील हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे वह अपने साथी यश चौहान, रौनक राम और गोलू के साथ कार से घर लौट रहे थे। जब वे कनौसी रेलवे क्रॉसिंग पहुंचे तो फाटक बंद था और वे खुलने का इंतजार कर रहे थे।इसी दौरान पीछे से एक स्कूटी उनकी कार से टकरा गई। जब दुर्गेश ने इसका विरोध किया तो स्कूटी सवार दो युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
पुलिस को फोन करना पड़ा भारी
दुर्गेश ने बताया कि जब उन्होंने पुलिस को सूचना देने के लिए मोबाइल निकाला तो आरोपियों ने उनका फोन छीन लिया। इसके बाद स्कूटी सवार युवकों ने अपने तीन अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।कुछ ही देर में कार से पहुंचे अन्य युवक भी हमले में शामिल हो गए। सभी ने लाठी-डंडों से दुर्गेश और उनके साथियों पर हमला कर दिया।
जबरन कार में बैठाकर किया अपहरण
हमले के दौरान आरोपियों ने यश चौहान को जबरन अपनी कार में बैठा लिया और फरार हो गए। दुर्गेश ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें कार से कुचलने का प्रयास भी किया।आरोपी रास्ते भर यश चौहान को बेरहमी से पीटते रहे। हालत गंभीर होने पर उन्होंने उसे रेलवे पटरी के किनारे फेंक दिया और फरार हो गए।
ट्रैक किनारे मिला घायल युवक
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यश चौहान को रेलवे ट्रैक के पास से बरामद कर लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पांच आरोपियों पर FIR
पीड़ित दुर्गेश प्रजापति की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और लूट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
