लखनऊ के सेंट मैरी स्कूल में फेयरवेल पार्टी के दौरान चाउमीन खाने को लेकर छात्रों को सस्पेंड किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ छात्रों ने फूड काउंटर से कई बार चाउमीन ली, जिससे अव्यवस्था फैल गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने संबंधित छात्रों को दो दिन के लिए स्कूल आने से रोक दिया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से छात्रों के अभिभावक भी हैरान-परेशान हैं। उनका कहना है कि फेयरवेल जैसे कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह स्वाभाविक होता है, लेकिन इतनी बड़ी सजा देना अनुचित है।
प्रिंसिपल ने की कार्रवाई की पुष्टि
स्कूल की प्रिंसिपल पूनम नायर ने बताया कि यह घटना फेयरवेल पार्टी के दौरान हुई। पहले कक्षा 10 के छात्रों ने भोजन किया, इसके बाद जब कक्षा 9 के छात्र फूड स्टॉल पर पहुंचे तो उन्होंने अनुशासनहीनता दिखाई और चाउमीन स्टॉल पर झपट पड़े। हालात ऐसे हो गए कि वहां मौजूद कर्मचारी डरकर वहां से भाग गया।
प्रिंसिपल ने कहा,
“इस तरह का व्यवहार किसी भी छात्र को नहीं सिखाया जाता। स्कूल में अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए छात्रों को दो दिन के लिए सस्पेंड किया गया है। इसके बाद वे फिर से स्कूल आ सकेंगे।”
उन्होंने यह भी बताया कि अपने करीब 25 साल के कार्यकाल में उन्होंने पहली बार ऐसी घटना देखी है।
टीचर्स ने जानकारी देने से किया इनकार
स्कूल की टीचर अर्चना ने बताया कि यह घटना फेयरवेल के दिन हुई थी, लेकिन इससे अधिक जानकारी केवल प्रिंसिपल ही दे सकती हैं। कक्षा 9 के क्लास टीचर अखिलेश यादव इस मामले की पूरी जानकारी रखने वाले हैं।
अभिभावकों में नाराजगी
इस कार्रवाई के बाद छात्रों के अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि बच्चों की गलती को समझाकर भी सुलझाया जा सकता था, लेकिन सीधे सस्पेंशन देना कठोर कदम है।
