रामलला की चौखट पर नतमस्तक हुई आंध्र की सरकार: यजमान बने CM नायडू, अनुष्ठान में दैविक शक्तियों का आह्वान

# ## UP

श्रीराममंदिर के यज्ञशाला में दूसरे दिन का अनुष्ठान गणपति पूजन के साथ शुरू हुआ। अनुष्ठान में यहां पहुंचे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्र बाबू नायडू सहभागी बने। मंडल पूजा के दौरान सीएम नायडू के नेतृत्व वाली आंध्र की सरकार रामलला के सामने नतमस्तक हुई। उन्होंने राम लला का पूजन अर्चन, आरती के साथ यज्ञ में आहुतियां डाली। अनुष्ठान के दूसरे दिन गणेश पूजन के साथ ही वास्तु पूजा, सुदर्शन यज्ञ, तत्वहोम, मन्युसूक्त होम, राम तारक मंत्र होम के साथ श्रीराम महामंत्र जप और राम चरित मानस का पारायण किया गया। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्र बाबू नायडू शामिल रहे। देर शाम को भगवान के श्री विग्रह के दैवीय शक्तियों का आवाहन अनुष्ठान किया गया। जिसके बाद आचार्यों ने पालकी यात्रा निकाली।

इससे पहले राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के दूसरे वर्ष गांठ के दूसरे दिन की शुरुआत रामलला के श्रृंगार आरती के साथ हुआ। सुबह पांच बजे मंगला आरती के बाद गर्म पानी से स्नान अभिषेक कराया गया। फिर तिथि के अनुसार गुलाबी रंग का वस्त्र पहनाया गया। स्वर्ण मुकुट धारण कराए गए। सुबह साढे़ छह बजे श्रृंगार आरती के साथ दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालु रामलला का दर्शन कर रहे थे। सुबह नौ बजे से यज्ञशाला में वैदिक आचार्यों से श्री राम महामंत्र का अनुष्ठान प्रारंभ हुआ। इसमे समाज के विभिन्न वर्ग से जुड़े लोग यजमान के लोग शामिल रहे।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डाॅक्टर अनिल मिश्र ने बताया कि अनुष्ठांन के दूसरे दिन आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री भी आयोजन में सहभागी बने। सुबह लगभग साढ़े 11 बजे उनका आगमन हुआ। राम मंदिर में दर्शन पूजन के बाद धार्मिक आयोजन में शामिल होते हुए लगभग दो घंटे परिसर में रहे। बताया कि ट्रस्ट के सदस्य व पेजावर मठ के स्वामी विश्व तीर्थ प्रसन्नाचार्य के नेतृत्व में अनुष्ठान संपन्न हो रहा है। दूसरे दिन यज्ञशाला में यजमानों से आहुतियां डाली गई। जहां मंत्रों का पारायण और हवन पूजन किया जा रहा है।

आंध्र सदन व मंदिर की व्यवस्था को लेकर सीएम नायडू ने की चर्चा

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्र बाबू नायडू ने रविवार को अयोध्या में राम लला के दर्शन पूजन के साथ अमरावती और अयोध्या के बीच रिश्तों को प्रगाढ़ करने की शुरुआत कर दी। लगभग आधे घंटे उन्होंने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय सहित अन्य महत्वपूर्ण लोगों से चर्चा की। सीएम नायडू लगभग 11 बजे विशेष विमान से अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचे। यहां जिले के प्रभारी व कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता के साथ अन्य नेताओं और अफसरों ने स्वागत किया। कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें श्री राम मंदिर लाया गया। यहां उन्होंने रामलला, श्री राम दरबार का दर्शन पूजन किया। प्राण प्रतिष्ठा के द्वादशी उत्सव के चल रहे अनुष्ठान में सहभागिता की। इसके बाद उन्होंने राम मंदिर परिसर में घूमकर यहां के वास्तु को करीब से देखा, खुशी जाहिर की।

इसके बाद उन्होंने आंध्र और अयोध्या के संबंधों को गाढ़ा करने का प्रयास शुरू किया। सूत्रों की मानें तो लगभग 30 मिनट तक वह ट्रस्ट महासचिव चंपत राय, डाॅ. अनिल मिश्र, प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जाने माने अर्थशास्त्री प्रो. डाॅ. जीवीआर शास्त्री, समाजसेवी अतुल सिंह सहित कई लोगों की मौजूदगी में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। सूत्र बताते हैं कि आवास विकास परिषद से अयोध्या में बनाई जा रही नव्य अयोध्या में राज्यों को दी जाने वाली जमीन में आंध्र सदन बनाने पर बात की। कहा कि वह इसके लिए अमरावती पहुंचकर वहां से जल्द प्रस्ताव भेजेंगे। इससे आंध्र और अयोध्या के बीच संबंध प्रगाढ़ होंगे। आंध्र और यूपी सरकारों के रिश्ते मधुर होंगे।