बदायूं : जेल में क्षमता से ज्यादा मिले बंदी, मेडिकल कॉलेज में उधड़ी थी सीलिंग

# ## UP

समाजवादी पार्टी से बदायूं सांसद आदित्य यादव ने आंवला सांसद नीरज मौर्य, सहसवान विधायक ब्रजेश यादव, शेखूपुर विधायक हिमांशु यादव, सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव के साथ जिला कारागार और राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। मेडिकल कॉलेज की जर्जर स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की। कहा कि जेल में भी काफी सुधार की जरूरत है। क्षमता से ज्यादा बंदी बंद हैं।

बदायूं सांसद ने कहा कि जिला कारागार की क्षमता 600 कैदियों व बंदियों को रखने की है जबकि यहां 11 से 1200 बंदी हैं। यहां क्षमता से ज्यादा बंदियों को रखा जा रहा है। सरकार ने नई जेल के लिए जमीन का अधिग्रहण कर लिया है लेकिन अभी तक जेल बनाने का काम शुरू नहीं किया गया है। सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए। जेल में कई ऐसे बंदी यहां बंद हैं जिनपर राजनीति द्वेष भावना से प्रेरित होकर मुकदमे लिखवाए गए हैं। कई ऐसे बंदी हैं जिनकी जमानत लेने वाला भी कोई नहीं है। वह बंदी परेशान हैं। जिसके बाद वह राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे और निरीक्षण किया।

मेडिकल कॉलेज में कई जगह से सीलिंग उधड़ी हुई मिली। पर्चा बनवाने की खिड़की के अलावा वार्डों का निरीक्षण किया। मरीज और तीमारदारों से बात की। कॉलेज में ऑक्सीजन प्लांट चलता हुआ नहीं मिला। कहा कि मौजूदा सरकार राजकीय मेडिकल कॉलेज को ठीक से नहीं चला पा रही। उन्होंने स्थानीय विसंगतियों के लिए सरकार को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में जनता को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

जिसके बाद सांसद सहसवान विधानसभा क्षेत्र के विकास क्षेत्र दहगवां के गांव मौसमपुर, मिर्जापुर, खिरकवारी में जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान कई कमियां और अव्यवस्थाएं सामने आईं। यहां सांसद ने कहा कि जनता को शुद्ध पानी पीने देने की योजना सिर्फ कागजों तक सीमित है और जमीनी हकीकत कुछ और है।