यमुना के पानी को ज़हरीला बताकर मुश्किल में फंसे केजरीवाल, चुनाव आयोग ने माँगा सुबूत, अमित शाह ने जताई नाराज़गी

# ## National

अभिषेक राय

(www.arya-tv.com) दिल्ली विधानसभा चुनाव में लगातार हो रही बयानबाजी से चुनावी माहौल गरमाया हुआ है। इसी बीच अपने आरोप को लेकर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मुश्किल में पड़ते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी को जहरीला कर दिया है। इस पर चुनाव आयोग ने अरविंद केजरीवाल को नोटिस भेजा है।

वरना होता सामूहिक नरसंहार
केजरीवाल ने दावा किया था कि अगर दिल्ली जल बोर्ड ने जहर नहीं पकड़ा होता, तो सामूहिक नरसंहार हो सकता था। चुनाव आयोग ने चिंता जताई है कि ‘केजरीवाल के आरोपों से गंभीर परिणाम हो सकते हैं। इनमें क्षेत्रीय समूहों के बीच दुश्मनी, पड़ोसी राज्यों के निवासियों के बीच तनाव और पानी की कमी के कारण कानून-व्यवस्था की समस्याएं शामिल हैं। आयोग ने केजरीवाल से बुधवार रात 8 बजे तक सबूत देने को कहा है।

केजरीवाल बताएं कि यमुना में जहर मिलाने की रिपोर्ट कहां है-अमित शाह
हरियाणा से यमुना में जहर छोड़ने जाने के आरोप पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दो टूक जवाब दिया है। कहा है कि अरविंद केजरीवाल उस रिपोर्ट को सार्वजनिक करें जिसमें जलबोर्ड ने हरियाणा सरकार पर यमुना में जहर मिलाने की बात की है। अगर यह बात साबित होती है तो वह खुद इसकी जिम्मेदारी लेंगे। बताएं कि कौन सा जहर यमुना में मिला है। केजरीवाल का यह भी कहना है कि जहरीले पानी को उन्होंने रोक दिया, इसलिए दिल्ली बच गई। पानी रोकने आर्डर भी वह सार्वजनिक करें।

यमुना के पानी का सैंपल जांच के लिए लैब में भेजा
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप सिंह की मौजूदगी में दिल्ली की सीमा क्षेत्र में यमुना से पानी के सैंपल लिए गए। सैंपल को जांच के लिए पंचकूला मुख्यालय स्थित प्रयोगशाला में भेज दिया गया है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आरओ प्रदीप सिंह ने मंगलवार को सोनीपत-दिल्ली सीमा पर बसे गांव पल्ला के पास यमुना नदी से पानी के सैंपल लिए। इस सैंपल को जांच के लिए पंचकूला मुख्यालय स्थित प्रयोगशाला में भेज दिया है। 16 जनवरी को यमुना नदी के पानी का सैंपल लिया था। इसकी रिपोर्ट मंगलवार को ही आई है। इसमें बायोकेमिकल ऑक्सीजन डिमांड (बीओडी) का स्तर एक मिला है।
बीओडी का स्तर, पानी में मौजूद कार्बनिक पदार्थों को तोड़ने के लिए जरूरी ऑक्सीजन की मात्रा को दर्शाता है। अधिकारियों के अनुसार आठ बीओडी वाले पानी को नहाने के लिए प्रयोग किया जा सकता है। यमुना के पानी में कोई रंग या गंध नहीं है। पानी में मौजूद अन्य तत्व भी मानकों के अनुरूप ही हैं। मंगलवार को लिए गए सैंपल के पानी में कोई गंध नहीं है। यह पानी बिल्कुल साफ है। दिल्ली के गांव पल्ला के पास यमुना नदी से पानी के सैंपल लिए हैं। सैंपल को जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया है।