हवाओं ने बढ़ाई ठंड, उत्तर भारत में चली शीतलहर

# ## National

(www.arya-tv.com) पहाड़ों से आ रही हवाओं ने कंपकंपी बढ़ा दी हैं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली व उत्तर प्रदेश समेत पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। जिससे सड़क व रेल यातायात प्रभावित रहा। अनुमान है कि दो से तीन दिन तक ऐसी ही कड़ाके की सर्दी पड़ेगी और तापमान तीन से पांच डिग्री तक गिर सकता है। पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में कोहरा के साथ शीतलहर का प्रकोप रहेगा।

आगरा में ताजमहल घने कोहरे में छिप गया। हालांकि, दिन निकलने के साथ कुछ स्थानों पर धूप खिली और आसमान साफ हुआ। वहीं, माउंट आबू में पारा शून्य पर आ गया है। पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ और राजस्थान में सोमवार तक सुबह-शाम कई जगह घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। उधर, उत्तराखंड में कई जगह भारी बारिश हुई।

हिमाचल में 340 सड़कें बंद, फंसे सैकड़ों वाहन
हिमाचल में तीन राष्ट्रीय राजमार्गों के अलावा 340 सड़कें बंद हैं। किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला और चंबा में सैंकड़ों वाहन फंसे हुए हैं। अटल टनल रोहतांग और जलोड़ी दर्रा भी बंद है। जम्मू-कश्मीर व उत्तराखंड में ऊंचाई वाले हिस्सों में लोग फंस गए हैं।

दिल्ली में पारा चढ़ा पर ठिठुरन बढ़ी
राजधानी दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री अधिक 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बावजूद ठंडी हवाओं के चलते ठंड से राहत नहीं मिली और लोग ठिठुरते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। कई इलाकों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।