(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से भाई-भाई जैसे प्यार भरे रिश्ते को तार-तार करने वाला मामला सामने आया है। यहां 2 सगे भाईयों ने अपने ही एक भाई को गोलीमार कर मौत के घाट उतार दिया है। दरअसल, दोनों आरोपी भाईयों को अपने इस भाई की शादी को लेकर काफी नराजगी थी। पुलिस ने दोनों आरोपी भाईयों को गिरफ्तार कर हत्या केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छोटे भाई से हो गई भाभी की शादी
यह घटना जिले के बडौत कोतवाली क्षेत्र के गुराना गांव की है। दोनों आरोपी भाइयों की पहचान ओमवीर और उदयवीर के रूप में हुई है। वहीं मरने वाला व्यक्ति इन दोनों का छोटा भाई यशवीर (35) है। पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी भाइयों अपने छोटे भाई यशवीर की शादी से काफी गुस्सा थे। आरोपियों ने बताया कि उनके बड़े भाई सुखबीर की कुछ समय पहले ही मौत हो गई थी। इसके बाद उनकी भाभी रितु के मायके वालों ने रितु की शादी उनके सबसे छोटे भाई यशवीर से कर दी। इससे यशवीर के दोनों बड़े भाई उदयवीर और ओमवीर को उससे जलन होने लगी। इस बात को लेकर घर में भी कई बार विवाद हो गया था। लेकिन परिवार के बीच में आने से दोनों भाइयों को रुकना पड़ जाता था।
एक ने पकड़ा और दूसरे ने गोली मारी
यशवीर की शादी को लेकर दोनों भाइयों का गुस्सा और जलन इतना बढ़ गया कि उन्होंने उसे जान मारने का प्लान बनाया। प्लान के अनुसार ओमवीर और उदयवीर ने शुक्रवार रात को दिल्ली से ड्यूटी कर घर लौट रहे यशवीर के साथ पहले लड़ाई की, उसके बाद एक भाई ने यशवीर को पकड़ा और दूसरे ने उस पर गोली चला दी। इससे यशवीर की मौके पर मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी भाई मौके से फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच करते हुए कुछ ही समय में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।